जोधपुर . कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द करने के मामले में केन्द्र सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए अंग्रेजों से लड़े थे, अब इनसे (मोदी सरकार) से भी लड़ेंगे। अगले दो माह तक जनता के बीच जाएंगे और न्यायालय में भी लड़ाई लड़ेंगे। ये कांग्रेस को डराना चाहते हैं, लेकिन हम डरने वाले नहीं है। सवाल उठाते रहेंगे। मोदी सरकार सवालों से जितना भागेगी, जनता के सामने उतनी ही असलीयत सामने आएगी।
कांग्रेस के सत्याग्रह अभियान के सिलसिले में जोधपुर आए प्रवक्ता शर्मा ने मीडिया से बातचीत में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्र सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपने मित्र को बचाने के लिए लोकतंत्र का गला घोंट रहे हैं। यह पूरा देश देख रहा है। अडाणी मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए देश में नए-नए क्रियाकलाप किए जा रहे हैं। सुनियोजित ढंग से राहुल की संसद सदस्यता रद्द की गई। जिस तरह की हरकतें की जा रही है, पूरा देश जानता है। उन्होंने कहा, यह लड़ाई न तो राहुल गांधी की है और न ही कांग्रेस की। अब यह लड़ाई हम सब की है। लोकतंत्र को बचाने के लिए आगे आना ही होगा। मीडिया से बातचीत के दौरान विधायक मनीषा पंवार, पशुधन विकास बोर्ड अध्यक्ष राजेन्द्रसिंह सोलंकी, कांग्रेस दक्षिण अध्यक्ष नरेश जोशी और उत्तर अध्यक्ष सलीमखान भी मौजूद रहे।
चोर को चोर कहना अपमान नहीं
शर्मा ने कहा कि एक व्यापारी के सामने पूरी सरकार नतमस्तक है। राहुल गांधी ने सवाल पूछा कि अडाणी से आपका रिश्ता क्या है। वे इसका जवाब ही नहीं दे पाए। राहुल ने लंदन में ऐसा कुछ भी नहीं कहा, लेकिन पूरी सरकार टूट पड़ी। राहुल ने जवाब देना चाहा। सरकार ने आनन-फानन में जो किया वह सब जानते हैं। चोर को चोर तो कहना ही पड़ेगा। इसमें किसी का अपमान कैसे हो सकता है।
एक अडाणी सब पर भारी…
शर्मा ने तंज कसा कि प्रधानमंत्री के लिए कहा जाता रहा है कि वे अकेले सब पर भारी है। असल में प्रधानमंत्री नहीं, बल्कि अडाणी सब पर भारी पड़ रहे हैं। पूरी सरकार उसके सामने नतमष्तक है। प्रधानमंत्री तो कहते थे कि भ्रष्टाचार नहीं होने दूंगा, लेकिन बैंकों के हजारों करोड़ रुपए लेकर भगौड़े विदेश भाग गए।