
जोधपुर पुलिस विश्वविद्यालय में आईपीएस लॉबी की मर्जी का कुलपति, 4 साल से खाली पड़ा है पद
गजेन्द्र सिंह दहिया/जोधपुर. यदि आप कुछ पढ़े-लिखे हो और आपके मन में किसी विश्वविद्यालय का कुलपति बनने की महत्वांकाक्षा है तो आप जोधपुर स्थित पुलिस विश्वविद्यालय में आवेदन कर सकते हो। दरअसल पुलिस विवि ने कुलपति पद के लिए जारी विज्ञप्ति में किसी भी तरह की योग्यता नहीं मांगी है। कुलपति के लिए गठित सर्च कमेटी में पांचों सदस्य भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी हैं। ऐसे में कयास लगाया जा रहा है कि पुलिस विवि का दूसरा कुलपति भी आईपीएस लॉबी की मर्जी का होगा।
दरअसल प्रदेश के पहले व एकमात्र जोधपुर स्थित सरदार पटेल पुलिस, सुरक्षा एवं दाण्डिक विश्वविद्यालय में कुलपति का पद अक्टूबर 2015 से रिक्त हैं। विवि की स्थापना 2012 में हुई थी। इसके पहले कुलपति आईपीएस एमएल कुमावत थे। इनके सेवानिवृत्त के बाद अब तक तीन बार विज्ञापन जारी किया गया है लेकिन तीनों ही विज्ञापन में कुलपति पद की कोई योग्यता नहीं रखी।
रिपोर्टर ने सम्पर्क किया तो उम्र पूछकर बोले, नहीं बन सकते
विवि की वेबसाइट पर प्रकाशित विज्ञप्ति में अधिक जानकारी के लिए एक मोबाइल नम्बर दिया गया है जो कुलपति के निजी सचिव (पीए) हिमांशु शर्मा का है। पत्रिका रिपोर्टर ने अभ्यर्थी बनकर यहां फोन लगाया तो निजी सचिव ने उम्र पूछने के बाद आवेदन नहीं करने की सलाह दी।
रिपोर्टर- कुलपति पद का विज्ञापन निकला है?
पीए- हां, आपने क्या किया है?
रिपोर्टर- मैंने पीजी की है।
पीए- ठीक है, आपकी उम्र क्या है?
रिपोर्टर- जी, 38 साल
पीए- आप आवेदन नहीं कर सकते।
रिपोर्टर- क्यों?
पीए- आप एलिजेबल नहीं है, मान लीजिए।
रिपोर्टर- कुलपति पद की योग्यता क्या है?
पीए- जो वेबसाइट पर है, वही है, उसके अलावा कुछ नहीं है।
रिपोर्टर- वेबसाइट पर कुछ भी योग्यता नहीं है, यह कैसा विज्ञापन है?
पीए- आपने सवाल-जवाब करने के लिए कॉल किया है या अपना पूछने के लिए कॉल किया है।
एक्ट में ही प्रावधान नहीं, कोई ऐसा वीसी आए तो एक्ट बदले
पुलिस विवि के एक्ट में ही कुलपति की कोई योग्यता नहीं है जो सर्च कमेटी को लगेगा वही निर्णय करेगी। सर्च कमेटी में पांचों सदस्य आईपीएस है। अब तो कोई नया कुलपति आए और उस एक्ट में संशोधन करें ताकि कुलपति की योग्यता निर्धारित हो सके।
- डॉ. एनआरके रेड्डी, कार्यवाहक कुलपति सरदार पटेल पुलिस विवि व पुलिस महानिदेशक (जेल)
एक्ट के अनुसार विज्ञापन जारी किया
हमने तो पुलिस विवि एक्ट के अनुसार विज्ञापन जारी कर दिया।
- सोहनलाल शर्मा, कार्यवाहक रजिस्ट्रार, सरदार पटेल पुलिस विश्वविद्यालय
Published on:
16 Jan 2020 12:51 pm
बड़ी खबरें
View Allजोधपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
