जोधपुर।
साइबर थाना पुलिस ने हैण्डीक्राफ्ट व्यवसायी से 16.26 करोड़ रुपए की साइबर ठगी के मामले में एक और युवक को गिरफ्तार किया। उसकी डमी कम्पनी के खाते में ठगी के 2.90 करोड़ रुपए जमा हुए थे।
सहायक पुलिस आयुक्त मांगीलाल ने बताया कि साइबर ठगों ने पावटा ए रोड निवासी हैण्डीक्राफ्ट व्यवसायी से 16.26 करोड़ रुपए ऐंठ लिए थे। इसमें से 2.90 करोड़ रुपए मुकेश कुमावत की नाइल नामक कम्पनी के बैंक खाते में जमा हुए थे। इस पर सिरोही जिले में शिवगंज थानान्तर्गत कोरटा निवासी मुकेश (29) पुत्र तगाराम कुमावत को गिरफ्तार किया गया। कोर्ट में पेश करने पर उसे तीन दिन के रिमाण्ड पर भेजा गया।
अब तक मानव गर्ग, दीपक सोनी, राहुल कान्ताराम सावत, बिचू मोहम्मद सादिक फिरोजुद्दीन, दीपेन्द्रसिंह झाला, क्षत्रिय धन बहादुर, विनोद कुमार शाह, हार्दिक भरत भाई हिरानी, मयूर पटेल, चौहान हर्ष, गौरांग ठाकुर व करण गवलानी को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनसे 2.52 करोड़ रुपए रिलीज कर रिफण्ड कराए गए हैं।
मुम्बई के परिचित युवक की भूमिका
पूछताछ में सामने आया कि पाली में बाली निवासी मोहन कुमावत ने परिचित मुकेश की कम्पनी का बैंक खाता खुलवाया था। यह खाता विदेश में मौजूद साइबर ठग संचालित करने लगे थे। उनके मार्फत ही कम्पनी के खाते में 2.90 करोड़ रुपए जमा कराए गए थे और उन्होंने ही राशि निकाल ली थी। बदले में मुकेश को कुछ कमीशन दिए जाने की आशंका है। अब मोहन की तलाश की जा रही है।