जोधपुर. लॉकडाउन के दौरान उद्योग, फैक्ट्री व ट्रैफिक बंद होने से नाइट्रोजन, सल्फर और कार्बन के ऑक्साइड के प्रदूषकों के अलावा धूल कणों में तो कमी आई, लेकिन वातावरण में ओजोन गैस का प्रदूषण कम नहीं हुआ। दिल्ली स्थित सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरमेंट (सीएसई) ने केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण मंडल की ओर से ऑनलाइन उपलब्ध करवाए गए 15 राज्यों के 22 शहरों के अध्ययन में पाया कि लॉकडाउन में सभी प्रदूषक कम हो गए लेकिन ओजोन या तो उतनी ही रही या उसमें वृद्धि हुई है। अध्ययन में राजस्थान के जयपुर और जोधपुर शहर शामिल थे।
खिली धूप में नाइट्रोजन के ऑक्साइड और वाष्पशील कार्बनिक यौगिकों के मिश्रण से ओजोन गैस बनती है। यह पृथ्वी की ट्रोपास्फेयर लेयर के नजदीक रहती है। अस्थमा सहित सांस की बीमारियों के व्यक्तियों के लिए यह हानिकारक होती है। इसके अलावा ओजोन फसल, वनस्पति और हरियाली को भी नुकसान पहुंचाती है।