
सर्व समाज के लोगों ने कलक्टर कार्यालय तक निकाली रैली
जोधपुर. ईडब्ल्यूएस संघर्ष समिति के बैनर तले सर्व समाज के विभिन्न संगठनों के युवाओं ने शुक्रवार को जिला कलक्टर कार्यालय तक रैली निकाली और धरना देकर आरक्षण को 10 से 14 प्रतिशत करने की मांग की। प्रतिनिधि मण्डल ने प्रधानमंत्री के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन भी सौंपा।
समिति के संयोजक हनुमानसिंह खांगटा ने बताया कि ईडब्ल्यूएस वर्ग के राजपूत, माहेश्वरी, जैन, अग्रवाल, ब्राह्मण, कायस्थ, राजपुरोहित, सिंधी, अरोड़ा खत्री समाज के विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि व कार्यकर्ताओं ने पावटा बी रोड से जिला कलक्टर कार्यालय तक पैदल रैली निकाली। सभी ने कलक्टर कार्यालय के सामने धरना दिया। धरनास्थल पर अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति की तर्ज पर शैक्षणिक, पंचायती राज, स्वायत्त संस्थाओं में ईडब्ल्यूएस आरक्षण का लाभ देने की मांग की गई। महिला वर्ग के पीहर पक्ष की सम्पत्ति नहीं जोड़कर ससुराल पक्ष की सम्पत्ति को ही जोड़ने, सरकारी व अर्द्ध सरकारी सेवाओं में नौकरी में लाभ देने की मांग की गई। युवाओं ने अच्छे अंक लाने के बावजूद लाभ न मिलने पर रोष व्यक्त किया। राजस्थान सरकार की तर्ज पर कृषि भूमि, भूखण्ड, मकान, फ्लैट आदि सम्पत्ति सम्बंधी प्रावधानों का सरलीकरण कर ईडब्ल्यूएस आरक्षण कोटे में वृदि्ध कर इसे 14 प्रतिशत किया जाए। भंवरलाल बाहेती ने कहा कि राजस्थान की भौगोलिक स्थिति के आधार पर सम्पत्ति सम्बंधी प्रावधानों को विलोपित किया जाए।इस अवसर पर पद्मभूषण नारायणसिंह माणकलाव, शक्तिसिंह बांदीकुई, गजसिंह शिक्षण संस्थान ओसियां के अध्यक्ष गोपालसिंह भलासरिया, कर्मचारी नेता शम्भुसिंह मेड़तिया, भंवरसिंह रेटा, गौसेवा आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष सुमेरसिंह राजपुरोहित, मारवाड़ राजपूत सभा के उपाध्यक्ष अर्जुनसिंह रूणकिया, माधव प्रकाश राणेजा, दुष्यंत राणेजा, भगवानसिंह तेना, सत्यनारायण शर्मा, नाथूसिंह, ब्राह्मण महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष कमल जोशी, लोकेन्द्रसिंह भाटी, पूर्व पार्षद ओमकार वर्मा, श्यामसिंह सजाड़ा, राजपूत करणी सेना के संभाग अध्यक्ष मानसिंह मेड़तिया, मदनसिंह गिरासर, गोविन्दसिंह व्यावां, परमेन्द्रसिंह पांचला आदि ने संबोधित किया।
Published on:
24 Feb 2024, 1:22 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.