
Indian Railway
जोधपुर / फलोदी . डिजिटल इंडिया को बढ़ावा देने के लिए रेलवे ने डिजिटल लेन-देन बढ़ाने के लिए एक ओर कदम बढ़ाया है। जी हां रेलवे ने डिजिटल इंडिया विजन बढ़ावा देने के लिए अनारक्षित टिकट काउंटरों पर ऑनलाइन पेमेंट की सुविधा लागू करने की तैयारी शुरू कर दी है। जिसके तहत रेलवे ने स्टेशनवार क्यूआर कोड जनरेट करने की दिशा में कार्य शुरू कर दिया है। क्यूआर कोड जनरेट होने के बाद जोधपुर मंडल के 124 रेलवे स्टेशनों पर क्यूआर कोड डिवाइस बुकिंग काउंटरों पर स्थापित किया जाएगा। जिससे अनारक्षित टिकिट भी डिजिटल भुगतान से हासिल किया जाएगा। गौरतलब है कि रेलवे ने इससे पूर्व रेल में बिना टिकिट यात्रा करने वालों से जुर्माना वसूली के लिए ऑनलाइन भुगतान लेने की पहल की है और अब क्यूआर कोड से टिकिट बेचने की योजना बनाई है। ऐसे में देश में डिजिटल इंडिया बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।
ऐसे मिलेगी सुविधा
गौरतलब है कि स्टेशनों पर क्यूआर कोड डिवाइस कंप्यूटर के जरिए बुकिंग सिस्टम से जुड़े रहेंगे। जिससे यात्री अनारक्षित टिकट काउंटरों पर यूपीआई (पेटीएम, गूगल पे,फोन पे) के माध्यम से किराए का भुगतान कर सकेंगे। जिससे गलत ट्रांजेक्शन की आशंका कम हो जाएगी। जोधपुर मंडल के सभी प्रमुख 124 रेलवे स्टेशनों के अनारक्षित टिकट काउंटरों पर क्यूआर कोड डिवाइस लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया है और इस कार्य को 31 मार्च कर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित है। जिसके बाद उक्त डिवाइस को चरणबद्ध तरीके से मंडल के स्टेशनों पर भेजे जा रहे हैं।
रेलवे को भी होगी सुविधा
गौरतलब है कि डिजिटल इंडिया और कैशलेस लेनदेन की दिशा में रेलवे ने पहले से ही रेलवे टिकट काउंटर पर डिजिटल भुगतान इंतजाम किए हुए है। अब उस प्रक्रिया को और सरल बनाया जा रहा है। इससे नकदी को एकत्रित कर प्रबंधित करना और उसके मिलान की समस्या व कर्मचारियों की परेशानी खत्म हो जाएगी, साथ ही कम समय से यात्रियों को टिकट मिल जाएगा और लाइनें नहीं लगेंगी।
डिवाइस तैयार करने का शुरू किया कार्य
उत्तर पश्चिम रेलवे ने डिजिटल इंडिया विजन के तहत रेलवे अनारक्षित टिकट काउंटर पर यात्रियों को क्यूआर कोड स्केनिंग से भुगतान की सुविधा उपलब्ध करवाने जा रहा है और इस दिशा में कार्य प्रारंभ किया जा चुका है। स्टेशनवार क्यूआर कोड जनरेट कर मंडल के स्टेशनों को उपलब्ध कराए जाकर बुकिंग काउंटरों पर स्थापित किया जाएगा।
- पंकज कुमार सिंह, डीआरएम, रेल मंडल जोधपुर
Published on:
21 Feb 2024, 10:30 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.