9 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

गहलोत के गढ़ में वसुंधरा राजे ने ऊंट पर होकर सवार, भरी हुंकार

राजस्थान गौरव यात्रा
3 min read
Google source verification
Rajasthan Gaurav Yatra : CM Raje Speech in Jodhpur

गहलोत के गढ़ में वसुंधरा राजे ने ऊंट पर होकर सवार, भरी हुंकार

- मुख्यमंत्री ने कहा, चार साल में तीन बार जनता के बीच गई, राजस्थान का चप्पा-चप्पा छान मारा

बालेसर. सेखाला (जोधपुर )
राजस्थान गौरव यात्रा के दूसरे चरण में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के गढ़ जोधपुर संभाग के शेरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के सेखाला में सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि सरकार बनने के साथ ही उन्होंने यात्राएं शुरू कर दी थी। पहले सरकार आपके द्वार फिर जन संवाद और अब गौरव यात्रा के जरिए राजस्थान का चप्पा-चप्पा छान लिया। उन्होंने अपने 20 मिनट के भाषण में शेरगढ़ और राजस्थान में किए गए कार्य गिनाए। पंचायत समिति भवन के लोकार्पण के बाद सीएम को रेगिस्तान के जहाज ऊंट पर बैठाया गया। वे एकबारगी ऊंट पर सवार हुई और इसके बाद कार में बैठकर सभा स्थल तक पहुंची। बच्चियों ने चुनरी की छाया बनाकर सीएम को समिति भवन तक पहुंचाया।

अपने उद्बोधन की शुरुआत में सीएम ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और शेरगढ़ क्षेत्र के शहीद सैनिकों को याद किया। उन्होंने कहा, शेरगढ़ के लिए जब भी पेयजल योजनाओं की मांग विधायक ने की, उन्होंने स्वीकृति दी है। सीएम ने कहा, कांग्रेस के लोग पूछते हैं कि यात्रा क्यों निकाल रहे हो। इस पर राजे ने जवाब दिया कि उन्होंने जो काम किए वह बताने में उन्हें गौरव होता है। उन्होंने अपने सपने का राजस्थान बनाने के लिए जनता से एक बार और विश्वास दिलाने का आह्वान किया। सेखाला में सभा अपने तय समय से दो घंटे देरी से शुरू हुई। इसके बाद विधायक बाबूसिंह राठौड़ ने करीब पौन घंटे तक संबोधन दिया। जब सीएम की बोलने की बारी आई तो कई लोग उठ कर जाने लगे इस पर सीएम ने जल्द ही अपना उद्बोधन समाप्त कर दिया। इसके बाद वे जनता से मिलने और ज्ञापन लेने के लिए भी नहीं रुकी।


विधायक राठौड़ का शक्ति प्रदर्शन

विधायक बाबूसिंह राठौड़ ने बड़ी संख्या में भीड़ जुटा कर गौरव यात्रा की सबसे बड़ी सभा होने का दावा किया। इतनी संख्या में लोग देखकर सीएम ने मंच से सराहना की। मंच पर राठौड़ समर्थकों ने इस बार फिर उन्हें विधायक टिकट और साथ ही जीतने पर मंत्रीमंडल में लेने की मांग कर डाली।


विधायक ने रखी मांगे

विधायक राठौड़ ने अपने उद्बोधन में केन्द्रीय विद्यालय, ईएसआई अस्पताल, सीएचसी और पुलिस थाने की मांग रखी। लेकिन सीएम ने अपने भाषण में इन मांगों के प्रति कोई सकारात्मक जवाब नहीं दिया।


मैं आज रक्षाबंधन मना रही हूं

इससे पहले नवमिर्मित सेखाला पंचायत समिति का लोकार्पण सीएम ने किया। उन्होंने कॉन्फ्रेंस हॉल में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वह आज रक्षाबंधन मना रही है। आज वह अपने लोगों के बीच में आई है। जनता का पैसा जनता के लिए ही लगाते हैं।


भाजपा प्रत्याशी बदलने की मांग

सभा स्थल से 2 किलोमीटर पहले भाजपा नेता व केतु मदा सरपंच कंवर सिंह राठौड़ के नेतृत्व में लोगों ने विरोध किया। हाथों में तख्तियां लेकर आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी बदलने की मांग कर रहे थे। हालांकि सीएम हेलीकॉप्टर से आई, इसलिए इनका विरोध सीएम के सामने नहीं आ पाया।


शेखावत का नाम नहीं तो पट्टिका अनावरण ही नहीं

सेखाला पंचायत समिति के नए भवन के लोकार्पण पट्टिका पर केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत का नाम नहीं था। यह बात कार्यक्रम से पहले चर्चा में रही। इसके बाद सीएम से सिर्फ फीता कटवाया गया। पट्टिका का लोकार्पण हुआ ही नहीं।


इन्हें मिली मंच पर जगह

भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री वी. सतीश, केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत, प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी, चिकित्सा मंत्री कालीचरण सर्राफ, प्रदेश संगठन मंत्री चंद्र शेखर, राज्य मंत्री धनसिंह रावत, राजसिको अध्यक्ष मेघराज लोहिया, विधायक सूर्यकांता व्यास, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड अध्यक्ष जसवंतसिंह विश्नोई, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेन्द्र गहलोत मौजूद थे।

बड़ी खबरें

View All

जोधपुर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग