वीडियो : नंदकिशोर सारस्वत/जोधपुर. कुम्हार प्रजापति समाज की आराध्य देवी श्रीयादे माता जयंती महोत्सव जोधपुर के 5 फरवरी से मनाया जाएगा। श्रीयादे माता जयंती महोत्सव समिति जोधपुर के अध्यक्ष केशव कुमार कवाडिया ने रविवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बताया कि जयंती महोत्सव के प्रथम दिन 5 फरवरी को शाम 5 बजे श्रीयादे माता मंदिर रातानाडा में भक्ति संध्या होगी। इसमें कालूराम प्रजापत सहित जोधपुर के जाने-माने भजन गायक भक्तिरस की सरिता बहाएंगे। दूसरे दिन माघ सुदी बीज बुधवार 6 फरवरी को श्रीयादे माता मंदिर रातानाडा से भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। शोभायात्रा रातानाडा से शुरू होकर नई सडक़, घंटाघर, कटला बाजार, सिटी पुलिस बाजार, जालोरी गेट गोल बिल्डिंग, सरदारपुरा होते हुए गांधी मैदान पहुंचकर विसर्जित होगी। शोभा यात्रा के साथ बालोतरा की आंगी गेर, पंजाब का भांगड़ा और कच्छी घोड़ी नृत्य आकर्षण का केंद्र होंगे।