
जोधपुर. एक शादी समारोह में भाग लेने जोधपुर आए गायक कैलाश खैर व उनकी टीम के चार्टर प्लेन की उड़ान के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने विशेष अनुमति देकर शनिवार सुबह 6:30 बजे एयरपोर्ट खोलने के लिए कहा है। ऐसे में शनिवार को तीन घण्टे पहले एयरपोर्ट खुलेगा। विशेष अनुमति का कारण नहीं बताया गया है।
जोधपुर एयरपोर्ट सुबह 9:30 से शाम 5:30 बजे खुलता है। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवान सेवा देते हैं। अलसुबह अथवा रात को सीआईएसएफ के जवान उपलब्ध नहीं होने से एयरपोर्ट ऑथोरिटी ऑफ इंडिया न तो किसी विमान को उडऩे की अनुमति देती है और न ही उतरने की। कैलाश ने सुबह 6:30 बजे अपने चार्टर प्लेन से इंदौर जाने के लिए कहा तो एयरपोर्ट प्रशासन ने अनुमति देने इनकार कर दिया। खैर ने केंद्रीय गृह मंत्रालय से विशेष अनुमति ले ली। गृह मंत्रालय ने सीआईएसएफ जवानों को सुबह उपस्थित रहने के आदेश दिए हैं।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले जोधपुर आए अमिताभ बच्चन भी सवा नौ बजे एयरपोर्ट पर उतर गए, लेकिन एयरपोर्ट 9:30 बजे ही खोला गया था। सुप्रीम एयरलाइंस की नॉन शिड्यूल फ्लाइट भी सुबह 9 से 9:15 के बीच आ जाती है, लेकिन रन-वे इंतजार करना पड़ता है। ऑथोरिटी का कहना है कि सुबह और रात को शिड्यूल फ्लाइट नहीं है अन्यथा वे एयरपोर्ट को और अधिक समय तक खोल सकते हैं। एयरपोर्ट पर शिड्यूल फ्लाइट सुबह 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक ही संचालित होती है।
विशेष अनुमति मिली है
कैलाश खैर के लिए गृह मंत्रालय ने विशेष अनुमति दी है। वह सुबह साढ़े छह बजे जाएंगे। सीआईएसएफ उपलब्ध नहीं होने की वजह से अलसुबह और रात को एयरपोर्ट नहीं खोलते हैं।
– जीके खरे, निदेशक, जोधपुर एयरपोर्ट