5 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जोधपुर

Weather : जिले में तूफानी बारिश ने बरपाया कहर …कई घर ढहे, सैंकड़ों पेड़ टूटे

4 सौ पोल, 50 ट्रांसफॉर्मर, 2 टावर गिरे, एक जीएसएस ढ़हा, अंधेरे में 25 गांव, फलोदी जिला क्षेत्र में हुई तूफानी बारिश से हुआ करोड़ों का नुकसान

Google source verification

जोधपुर/फलोदी . तूफानी बारिश ने रविवार को फलोदी की विद्युत व्यवस्था को जहां फ्यूज कर दिया, वहीं ग्रामीण् अंचलों में पेड़ व टीन छप्पर उडने से बड़ी संख्या में पशु पक्षियों की मौत हो गई। फलोदी क्षेत्र में रविवार को हुई तूफानी बारिश के कारण ग्रामीण अंचल के लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। हालात यह है कि फलोदी क्षेत्र में बारिश से चार सौ विद्युत पोल, 50 से अधिक ट्रांसफार्मर, दो विद्युत के बड़े टावर गिर गए, वहीं बाप क्षेत्र के अनोप नगर में पूरा जीएसएस ही ढह गया।


बाप. क्षेत्र में गिरे चने के आकार के ओले बाप.कस्बे सहित क्षेत्र में दोपहर करीब 1 बजे से शुरु हुआ तूफान व मूसलाधार बारिश के कारण क्षेत्र के गांव -ढाणियों में दर्जनों विद्युत पोल , कच्ची झोंपड़ियां , पेड़ , कच्ची दीवारें ढह जाने से काफी नुकसान हुआ। ग्राम धोलिया निवासी पशुपालक खिवसिंह के यहां कच्ची दीवार गिरने से 21 भेड़ों की मौके पर काल कवलित हो गई। ग्राम धोलिया सरपंच परमाराम के घर के पास बिजली गिरने से एक गाय की मौके पर ही मौत हो गई । प्रधान बाप मौन कंवर रतन सिंह भाटी ने बताया कि इस तूफान में सर्वाधिक मार आमजन व किसानों को झेलनी पड़ी है । क्षेत्र के धोलिया ,बारू ,खेतुसर , टेकरा , टेंपू ,दुर्जनी सहित गांव ढाणियों में विद्युत सिस्टम , पशुधन ,मकानों का नुकसान हुआ है जिसके मुआवजा को लेकर उच्चाधिकारियों से वार्ता की जाएगी ।

गर्मी में हुआ हल्की सर्दी का अहसास, बारू में गिरे ओळे

मौसम में आए बदलाव ने एक ही दिन में भीषण गर्मी व हल्की सर्दी का अहसास करवा दिया।दोपहर एक बजे के बाद मौसम बदला और आकाश में काली घटाएं छाने लगी, पौने दो बजे बारिश का दौर शुरू हुआ, जो शाम साढे चार बजे तक लगातार चला। समाचार लिखे जाने तक रूक रूक कर बारिश हो रही थी। फलोदी जिला क्षेत्र में हुई तूफानी बारिश से बारू, शेखासर, टेपू, टेकरा आदि गांवों में बारिश के साथ ओळे भी गिरे। बारिश के साथ ठण्डी हवाएं चलने से रात को हल्की सर्दी के अहसास के चलते पंखे व कूलर बंद करने पड़े।

36.8 एमएम बारिश

फलोदी में रविवार को हुई तूफानी बारिश से 36.8 एमएम की बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं अधिकतम तापमान 36.2 व न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। खीचन गांव में भी रविवार को जमकर बारिश हुई। जिससे गांव की सड़के पानी से तरबतर हो गई। आमजन को गर्मी से राहत मिली।

इतना हुआ नुकसान

400 से अधिक विद्युत पोल हुए धराशायी

24 से अधिक गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप

50 से अधिक विद्युत ट्रांसफर्मर गिरे

12 से अधिक गांवों की सड़कों पर विद्युत पोल गिरने से बढ़ा खतरा

20 से अधिक गांवों में रास्तों पर गिरे पेड़

2 विद्युत टावर धराशायी होने से बड़ी लाइनों से विद्युत आपूर्ति हुई प्रभावित

6 गायों की भोजासर गोशाला में मौत के समाचार

10 किमी फलोदी की रैंज में 50 विद्युत पोल व 10 से अधिक ट्रांसफार्मर गिरे

फलोदी शहर के पत्थर रोड़ पर सडक ढही


गांवों में आई तबाही

फलोदी क्षेत्र में तूफानी बारिश से तबाही का मंजर नजर आने लगा है। गोशालाओं में टीन छप्पर उड़ गये है, वहीं मुख्य सड़कों पर विद्युत पोल गिरे हुए है। पशुओं की मौत व बीमारी बढी है। विद्युत विभाग व किसानों को बड़ा नुकसान हुआ है। किसानों व पशुपालकों को मुआवजा देने की मांग की गई है।

पब्बाराम विश्नोई विधायक फलोदी

कर रहे कोशिश

जगह-जगह पर विद्युत पोल व ट्रांसफार्मर गिर गये है। जिससे विद्युत व्यवस्था प्रभावित हो रही है। विद्युत आपूर्ति को सुचारू करने के लिए टीमें जुटी हुई है। सर्वाधिक नुकसान बाप क्षेत्र में हुआ है।

अलपूराम चौधरी, अधिशाषी अभियन्ता फलोदी डिस्कॉम

ढहा जीएसएस, गिरे टॉवर

बाप क्षेत्र के बारू, टेपू, टेकरा, जैतेरी आदि क्षेत्र में सर्वाधिक तीन सौ विद्युत पोल गिरे है। यहां अनोपनगर में एक जीएसएस व 20 विद्युत ट्रांसफार्मर गिरा है, जिससे बीस से अधिक गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप है। विद्युत व्यवस्था सुचारू करने का प्रयास किया जा रहा है।

गोविन्दराम चौधरी, सहायक अभियन्ता, बाप डिस्कॉम

मौसम में बदलाव का पीपाड़ में भी असर

पीपाड़सिटी मौसम विभाग की ओर से जारी चेतावनी के अनुसार उपखंड क्षेत्र में रविवार को मौसम के बदलाव का असर दिखा। इस चेतावनी के बाद ग्रामीणों में तेज आंधी तूफान और बारिश के सम्भावित खतरे की आशंका ने चिंता में डाल दिया हैं। रविवार को विक्षोभ के असर के चलते शाम चार बजे आकाश में धूल का कोहरा छाने के साथ तेज रफ्तार की आंधी से अंधेरा छा गया। इसके साथ तेज बारिश के दौर के साथ ठंडी हवाओं से तापमान में आई गिरावट से राहत दिखी। शहरी क्षेत्र में चौहानों के बेरा आवासीय क्षेत्र में बिजली का खम्बा गिर गया। इसके साथ ग्रामीण क्षेत्रो में बिजली गुल रहने से परेशानी का सामना करना पड़ा। पालिका अधिशासी अधिकारी सुरेशचंद्र शर्मा ने मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए पालिका कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

बिलाड़ा . क्षेत्र में रविवार को आई आंधी ने आम जनजीवन को अस्त व्यस्त कर दिया। आंधी के कारण काफी देर तक यातायात भी प्रभावित रहा। तेज आंधी के कारण बिजली की तार आपस में टकराने से कस्बे में बिजली सप्लाई भी बाधित हो गई। जिससे लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। शाम पांच बजे आकाश में अंधेरा छा गया। इस दौरान एक घंटे तक बारिश होती रही। कई जगह पेड़ धराशायी हो गए।

पड़ौसी घर में गिरी दीवार

लोहावट.लोहावट कस्बे सहित आस-पास क्षेत्र में रविवार दोपहर में हुई तूफानी बारिश व आंधी से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। गांवो में आंधी व तूफानी बारिश से पेड़-पोधे धराशायी हो गए। वही दुकानों पर लगे टीन शेड उड़ गए। यहां पर दोपहर बाद आई आंधी के बाद तूफानी बारिश के दौरान सड़को पर पानी बहने से लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। देर शाम तक रूक-रूक कर बारिश का दौर चलता रहा। लोहावट जाटावास कस्बे में रविवार को दोपहर में हुई तूफानी बारिश के दौरान महादेव मंदिर के पास स्थित एक मकान के छत के ऊपर की दीवार पड़ोस के मकान पर जा गिरी जिससे उस मकान के पत्थर की पट्टियाँ टूटकर नीचे गिर गई। मकान के छत की पट्टियाँ टूटकर गिरने के दौरान परिवार के सदस्य घर में ही मौजूद थे। संयोग से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। जाटावास के पूर्व सरपंच अशोक कुमार जैन ने बताया बारिश के दौरान बीपीएल चयनित सतीदान मीरासी के पड़ौस के मकान की दीवार गिरने से पत्थर की पट्टियां टूट गई और कमरे रखा खाने-पीने सहित घरेलु सामान दब गया। बाद में बड़ी मशक्कत से लोगों के सहयोग से सामान निकाला गया।

बरना. क्षेत्र व आस पास के गांवों में रविवार शाम को धूल भरी आंधी से जगह जगह पेड़ और कच्चे आशियानों के टीन शेड उखड़ गए। आंधी से घरों में रेत की परतें जम गई। बालाजी प्याऊ के पास मोर और तोतो सहित कई पक्षियों की मौत हो गई। बारिश से किसान-मजदूर अब खेती की तरफ भी रुख करने लगे है। बाजरे व मूंग बोने के लिए अपने खेतों की खड़ाई में जुट गए है।

देणोक. ग्रामीण अंचल में चार दिन से बिजली बन्द रहने ग्रामीणों को खाने-पीने की सामग्री के लाले पड़ने शुरू हो गए है। कस्बे में संचालित होने वाली सभी आटा चक्कियों पर इन दिनों गेहूं व बाजरी के पिसवाने वालों की भीड़ पड़ी है,लेकिन बिजली से संचालित चक्कियां ठप है। जगह-जगह बिजली के पोल गिर जाने से चार दिन से सप्लाई दुरस्त हो नहीं पाई जिसके कारण ग्रामीणों को अपना पेट भरने के लिए भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक गांवों में मूसलाधार बारिश के साथ ओलावृष्टि होने से कपास की फसल को नुकसान होने की सूचना है।


पुन्दलू. रविवार को शाम चार बजे तेज़ अंधड़ से जनजीवन प्रभावित हुआ। अंधड़ के कारण जगह -जगह पेड़ धराशायी हो गए। कहीं जगह छप्पर टीनशैड होर्डिंग बोर्ड भी उड़ गए। तेज गर्जना के साथ बिजली कड़कती रही। विद्युत लाइनें भी कई जगहों पर क्षतिग्रस्त हुई।

गजसिंहपुरा. क्षेत्र के बासनी हरीसिंह गांव में तूफान से एक गरीब परिवार का मकान ढह गया। ग्रामीणों ने बताया कि बाबूराम पुत्र भंवरूराम का निर्माणाधीन मकान 25 मई की रात को आंधी-तूफान के कारण ढह गया। गनीमत रही कि उस वक्त उनका परिवार मकान के अन्दर नहीं था। पाई-पाई जोड़कर बनाए मकान के ढह जाने से गरीब बाबूराम के परिवार को अब तिरपाल के नीचे गुजारा करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित गरीब परिवार को आंधी तूफान से हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग की है।

किसान दहशत में

नौसर . क्षेत्र में रविवार को दोपहर से शुरू हुई तेज अंधड़ के साथ गरज-चमक व बारिश से आमजन जीवन प्रभावित रहा। मौसम व आपदा प्रबंधन विभाग की चेतावनी के अनुसार ही 60 से 80 केएमपीएच हवा की गति से अंधड़ के साथ बारिश शुरू हो गई। बिजली आपूर्ति तो दो दिन पहले आए तूफान के बाद से ही बंद थी। किसान, व्यवसायी, मजदूर वर्ग के सभी लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई। बिजली आपूर्ति बंद रहने के कारण मोबाइल चार्ज तक नहीं हो पा रहे है। आपदा प्रबंधन विभाग एहतियात के तौर पर चेतावनी के अलावा कोई भी सरकारी तंत्र से अब तक प्राकृतिक आपदा के दौरान सम्बल दिलाने में नाकाम साबित हो रहा है। बारिश का क्रम देर रात्रि तक रहा।

भोपालगढ़ में हुआ जनजीवन अस्त-व्यस्त

भोपालगढ़ . कस्बे सहित क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में दो दिन पहले हुई तूफानी बारिश से हुई अव्यवस्थाएं अभी दुरुस्त ही नहीं हो पाई, कि रविवार को दोपहर में फिर से तेज अंधड़ व तूफानी बारिश का दौर शुरू हो गया। इसकी वजह से जहां एक ओर सामान्य जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। वहीं दूसरी ओर कई जगह पेड़ व बिजली के खंभे भी गिर गए और लोगों को खासा नुकसान भी हुआ है। क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में कई जगह आज फिर से दर्जनों बिजली के खंभे गिरने के समाचार मिल रहे हैं और टीन-छप्पर आदि उड़ने से भी लोगों को खासा नुकसान हुआ है। वहीं बारिश के दौरान बस स्टैंड पर भी काफी मात्रा में पानी भर गया और लोगों को आवागमन में भी खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

देचू देचू तहसील सहित आसपास ग्रामीण क्षेत्रो में रविवार को बारिश होने से गर्मी से काफी राहत मिली।रविवार दोपहर बाद अचानक धूल भरी आंधी के बाद बारिश का दौर प्रारम्भ हो गया जो करीब आधा घंटे तक जारी रहा। बारिश से कपास की फसल को फायदा होने की उम्मीद है।

ओसियां . क़स्बे सहित संपूर्ण उपखंड क्षेत्र में रविवार को तूफ़ानी बारिश और आंधी ने जमकर तांडव मचाया। दोपहर दो बजे से मौसम में बदलाव के बाद पहले तेज गति से आंधी फिर कुछ ही देर में बारिश का क्रम शुरू हुआ, जो देर रात समाचार लिखे जाने तक चलता रहा। तेज आंधी से कई जगहों पर पेड़ और बिजली के पोल गिरने से विद्युत आपूर्ति बाधित रही।

बालसेर. बालेसर उपखण्ड क्षेत्र में तेज आंधी तूफान से कई जगहों पर पेड़ व विद्युत पोल गिरने से लोगों को परेशानी हुई। रविवार को दोपहर के बाद तेज धूल भरी आंधी से विद्युत पोल व पेड़ों के गिरने से आम रास्ता बंद कर दिया गया। विद्युत पोल गिरने से विद्युत व्यवस्था भी प्रभावित हुई।

तिंवरी. तिंवरी इलाके में रविवार को दोपहर बाद पहले धूल भरी आंधी और बाद में तूफानी हवाओं के साथ बारिश का दौर चला। बारिश से गलियों में पानी बहने लगा। कृषि बहुल क्षेत्र में बारिश ने प्याज उत्पादक किसानों की परेशानी को बढा दिया। खेतों में पड़ी प्याज की फसल भीगने के कारण अब प्याज लम्बे समय तक सुरक्षित नहीं रखा जा सकेगा। ऐसे में प्याज उत्पादक किसान चिंतित है।

बोरुंदा. कस्बे सहित पूरे क्षेत्र में आंधी व बारिश से जन जीवन पूरी तरह प्रभावित हुआ है। विगत चार दिनों से कस्बे सहित क्षेत्र में तेज धूल भरी हवा के साथ बारिश के बाद रविवार को शाम चार बजे तूफानी आंधी से घर में मिट्टी की परते जम गई। रुक-रुक कर तेज बारिश होने और कस्बे में बिजली आपूर्ति बंद होने से आमजन के साथ बीमार लोगों दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

बालेसर. बालेसर सहित आस-पास गांवों में रविवार को तेज अंधङ के साथ मुसलाधार वर्षा से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। नेशनल हाइवें पर दोपहर को वाहनों की लाईटें जग-मगाने लगी। तेज अंधङ के साथ बारिश से कई स्थलों पर पेङ व बिजली के पोल भी गिरे जिससे विद्युत व्यवस्था भी प्रभावित हुई। पंचायत के समिति के निकट सहित कई जगहों पर पानी भर गया।


चामू. कस्बें सहित क्षेत्र में रविवार को आंधी व बारिश से सादुल नगर, बन्नो का बास व ढोलियो की ढाणी नाथड़ाऊ सहित कई जगह पेड़ उखड़ने से नाथड़ाऊ- भेड़ व नाथडाऊ- सामराऊ सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गया। ग्रामीणों ने बड़ी मशक्कत कर जेसीबी के सहयोग से पेड़ों को सड़क मार्ग से हटाया एवं यातायात सुचारू करवाया। नाथडाऊ, सुखमंडला, भालू अनोपगढ़ सहित कई जगह बिजली के पोल गिरने से बिजली गुल हो गई। डिस्कॉम के कर्मचारी दिन भर बिजली व्यवस्था को सुचारू करने में लगे रहे।

लवेरा बावड़ी. पश्चिमी विक्षोभ के असर से क्षेत्र में आई तूफानी आंधी से विद्युत पोल धराशायी हो गए। तेज आंधी के चलते कई विद्युत लाईने टूट कर जमीन पर गिर गई तो कहीं पेड़ उखड़ गए। सहायक अभियंता रामसुख डूडी ने बताया की केलावा कला में कई जगहों पर कृषी फीडर व डीपी व लाईने गिर गई। वहीं कई जगहों पर टीन शैड व छप्पर भी उड़ गए।

बेलवा. क्षेत्र के गांवों में बदले मौसम से रविवार शाम को तूफानी हवाओं के बीच बरसात का दौर शुरू हो गया। तूफानी बारिश के साथ गांवों में जगह जगह तबाही का मंजर देखा जा रहा है। शाम करीब 5 बजे शुरू हुई बारिश का दौर रात्रि तक जारी रहा।