जोधपुर / पीपाड़सिटी . पच्चीस साल पहले डिस्कॉम ने क्षेत्र के एक कृषि कुए का कनेक्शन अपनी मर्जी से ओर कही शिफ्ट कर बेच दिया, पीड़ित किसान का यह दर्द गुरुवार को उपजिला कलक्टर कंचन राठौड़ की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में छलक पड़ा। पीड़ित किसान कानाराम चौधरी के पक्ष में अदालत ने भी निर्णय दिया, क्षतिपूर्ति के साथ पुन: कनेक्शन के आदेश दिए,फिर भी कनेक्शन नहीं हुआ।
पार्षद मंसूर अली ने अपने वार्ड में बारिश के मौसम में सीमेंट के पोल एक साल पहले खड़े करने के बाद भी लोहे के खम्बों में विद्युत करंट की बढ़ती घटना के बाद भी तार शिफ्ट नही करने को जानमाल की सुरक्षा के लिए खतरा बताया। इस दौरान मालावास के एक किसान का एसडीएम न्यायालय की ओर से डिक्री आदेश जारी होने के एक वर्ष से अधिक समय के बाद भी नाम शुद्धिकरण नही करने की बात कही।
जनसुनवाई में बिजली संबंधी 4 शिकायतें, राजस्व विभाग की 2, नगर पालिका की 1, पुलिस की 2, पंचायतराज की 3 शिकायते प्राप्त हुई। इनको दर्ज रजिस्टर कर प्राप्ति रसीद दी गई। तहसीलदार विरेन्द्रसिंह शेखावत, पीएमओ डॉ सुरेन्द्र परिहार, एईएन पीएचईडी मेहराम चौधरी, एईएन पीडब्ल्यूडी नवीन आचार्य, डॉ अब्दुल गफार, डॉ कल्पत मालवीय, झूमरलाल टाक, प्यारेलाल, शिवानी अस्थाना, यशपाल चौधरी, रवि दाधीच, ललित मेघवाल सहित अन्य अधिकारियों ने विभागीय प्रतिवेदन पेश किया।