जोधपुर. महामंदिर थानान्तर्गत भदवासिया फ्रूट मण्डी में गड्ढे में जमा बरसाती पानी उछलने से गुस्साए दो युवकों ने गुरुवार रात व्यवसायी के एक पुत्र को पीट दिया। व्यवसायी के पुत्र की जेब से पांच हजार रुपए भी निकाल लिए। मण्डी के सुरक्षाकर्मियों ने युवकों को पकड़ा तो सांसी बस्ती के लोग पथराव कर उनको छुड़ा ले गए। देर रात तक महामंदिर थाने में मामला दर्ज नहीं किया गया था। मण्डी के व्यवसायी प्रेमाराम परिहार ने बताया कि मण्डी में उसकी प्रेमाराम हेमाराम नामक फर्म है। गुरुवार रात 7.45 बजे उसका पुत्र जगदीश फर्म मंगल करने के बाद मोटरसाइकिल पर घर जाने के लिए निकला। दुकान से कुछ ही दूरी पर सांसी बस्ती के दो युवक खड़े थे। गड्ढे में जमा बरसाती पानी मोटरसाइकिल के कारण उछलकर युवकों पर जा गिरा। इससे गुस्साए युवकों ने जगदीश को रोका और मारपीट की। आरोप है कि युवकों ने व्यवसायी के पुत्र की जेब से पांच हजार रुपए भी चुरा लिए। व्यवसायी के पुत्र के चिल्लाने पर मण्डी के सुरक्षाकर्मी वहां आए और युवकों को पकड़ लिया। इतने में पता लगने पर सांसी बस्ती से बड़ी संख्या में महिलाएं व पुरुष वहां आए और सुरक्षाकर्मियों पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। साथ ही दोनों युवकों को छुड़ाकर ले गए। काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची तब तक सभी लोग गायब हो चुके थे।