जोधपुर ज्वैलर्स एसोसिएशन और एमसीएक्स की ओर से मंगलवार को एक होटल में जीएसटी व एमसीएक्स जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया। एसोसिएशन सचिव नवीन सोनी ने बताया कि सेमिनार में मुख्य वक्ता इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय सचिव सुरेन्द्र मेहता ने जीएसटी के प्रावधानों के बारे में जानकारी दी। मेहता ने बताया कि ज्वैलर्स को अब नये नियमों के तहत टेक्नोलॉजी अपनाते हुए आगे बढऩा होगा। उन्होंने ज्वैलरी बेचते समय ग्राहकों से किस प्रकार जीएसटी लेना है, मेकिंग चार्ज आदि के बारे में जानकारी दी। साथ ही, ज्वैलर्स की जिज्ञासा शांत की। सेमिनार में एमसीएक्स के नितिन केडिया ने विचार रखे। सेमिनार में एसोसिएशन के पदमचंद कांकरिया, सर्राफा एसोसिएशन के शिवनारायण अग्रवाल, रमेश दुधिया, चंद्रवीर सोनी, महावीर भण्डारी व दिलीप सोनी सहित कई ज्वैलर्स उपस्थित थे। अंत में एसोसिएशन सचिव नवीन सोनी ने आभार जताया।