
old woman threatened by criminals in Jodhpur
चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थानान्तर्गत पाल में थोरियों की ढाणी में गुरुवार दिनदहाड़े कार में आए युवकों ने बिजली का मीटर चेक करने के बहाने घर में घुसकर सेवानिवृत्त शिक्षिका पर जानलेवा हमला कर दिया। एक युवक ने पिस्तौल दिखा वृद्धा को धमकी भी दी। हो-हल्ला सुनकर आए आस-पास के लोगों की सजगता से दो हमलावरों को पकड़कर चौहाबो थाना पुलिस को सौंपा गया, जबकि तीन अन्य कार में फरार हो गए।
थानाधिकारी जब्बर सिंह ने बताया कि थोरियों की ढाणी निवासी सीताबाई (65) पत्नी ढगलाराम जाट सेवानिवृत्त शिक्षिका हंै। वह और पुत्री ही घर पर रहते हैं। दोपहर में जब उसकी पुत्री घर पर नहीं थी, तब कार में सवार चार-पांच युवक उसके घर आए। बिजली का मीटर चेक करने के बहाने दो युवक घर में घुसे। अंदर घुसते ही युवकों ने वृद्धा पर हमला कर दिया। युवकों ने अंधाधुंध मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान एक युवक ने हाथ में पिस्तौल पकड़ रखी थी और वृद्धा को डरा रहा था। महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोग वहां आए और घर में जाकर वृद्धा को छुड़ाया।
उन्होंने मौके से लोहावट में जाटावास निवासी नेमाराम (21) पुत्र किशनाराम जाट व बुद्धनगर निवासी भजनलाल (20) पुत्र जगदीशराम विश्नोई को दबोच लिया। जबकि बाहर खड़े तीन युवक कार लेकर भाग निकले। पुलिस मौके पर पहुंची तथा दोनों युवकों को हिरासत में लिया। साथ ही उनसे मिली जानकारी के आधार पर कार व तीनों युवकों की तलाश में नाकाबंदी करवाई। पुलिस ने दोनों युवकों को साथ लेकर बनाड़ स्थित किराए के कमरों में छापे भी मारे, लेकिन वहां से कोई संदिग्ध वस्तु या सामग्री नहीं मिली। एसीपी स्वाति शर्मा भी मौके पर पहुंची तथा वारदात की जानकारी ली।
पुत्र व पुत्री का है पारिवारिक विवाद
पुलिस का कहना है कि हमले के कारणों का पता नहीं लग पाया है। पकड़ में आए युवकों को फरार होने वाला एक युवक लेकर आया था। उसके पकड़ में आने पर कारणों का पता लग पाएगा। सेवानिवृत्त शिक्षिक सीता बाई का पुत्र विवाद के चलते अलग रहता है। जबकि पति से विवाद के चलते पुत्री मां के पास रह रही है। आशंका है कि पारिवारिक विवाद के चलते वृद्धा को डराने व दहशत फैलाने के लिए युवक आए होंगे। दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
Published on:
22 Sep 2017, 7:06 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.