
डेयरी प्लांट में मजदूरी पर ला रहे युवक की चाकू से गोदकर हत्या
जोधपुर.
कुड़ी भगतासनी थानान्तर्गत मोगड़ा में अमूल डेयरी प्लांट से कुछ ही दूरी पर गुरुवार सुबह चार-पांच व्यक्तियों ने पैदल ही मजदूरी पर जा रहे युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी और फिर भाग निकले। चचेरे भाई व एक अन्य ने भागकर जान बचाई।
थानाधिकारी जुल्फिकार अली ने बताया कि महाराष्ट्र में लातूर निवासी हाल मोगड़ा निवासी सिद्धार्थ उर्फ सिद्धा (28) यहां मोगड़ा स्थित अमूल डेयरी प्लांट में काम करता था। वह सुबह पौने आठ बजे अपने चचेरे भाई व एक अन्य व्यक्ति के साथ प्लांट में मजदूरी के लिए पैदल ही कमरे से निकले थे। प्लांट से सौ मीटर पहले चार-पांच युवक आए और तीनों को रोक लिया। सभी युवक तीनों श्रमिकों से झगड़े पर उतारू हो गए। विवाद बढऩे पर उन्होंने चाकू निकाले और वार करने लगे।
यह देख सिद्धार्थ का चचेरा भाई व एक अन्य मौका पाकर वहां से भाग गए। जबकि सिद्धार्थ हमलावरों के हत्थे चढ़े गया। हमलावरों ने उसके सीने व पेट के नीचे चाकू से कई वार किए। इससे खून बहने लगा और वह वहीं गिर गया। तब सभी हमलावर वहां से भाग निकले। चचेरा भाई व साथी श्रमिक वहां आए और प्लांट में सूचना दी। प्लांट के वाहन से गंभीर हालत में सिद्धार्थ को एम्स ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव मोर्चरी में रखवाया गया।
हत्या का पता लगने पर सहायक पुलिस आयुक्त (बोरानाडा) मांगीलाल व थानाधिकारी वारदातस्थल पहुंचे। मौके की जांच की गई और हमलावरों की तलाश के लिए आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए गए। फिलहाल हमलावरों की पहचान तक नहीं हो सकी है। हत्या का कारण भी अभी तक सामने नहीं आ पाया है।
एक माह पहले ही आया था जोधपुर
पुलिस का कहना है कि मृतक सिद्धार्थ अमूल डेयरी प्लांट में पैकिंग ऑपरेटर था। उसका चचेरा भाई भी साथ ही प्लांट में काम करता था। सिद्धार्थ एक माह पहले ही डेयरी में काम पर आया था। साथी श्रमिकों से जानकारी लेकर हत्यारों तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं।
Published on:
1 Oct 2020, 12:38 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.