जोधपुर. बोम्बे मोटर्स चौराहे के पास ट्रक से हरा चारा (रिजका) सप्लाई करने के बाद लघुशंका करने के दौरान बिजली की भूमिगत केबल में प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आने से युवक की बुधवार तड़के मौत हो गई। वह अपने मामा के साथ चारा बेचने जोधपुर आया था। एएसआइ सोहनलाल ने बताया कि बिलाड़ा के पिचियाक में हीर सागर स्कूल के पास रहने वाले कुलदीपनाथ (27) पुत्र दीनानाथ अपने मामा पूनाराम के साथ मिनी ट्रक में रिजका सप्लाई करने तड़के चार बजे बोम्बे मोटर्स सर्किल के पास आया था। पूनाराम ट्रक चालक था। बारिश के चलते चारा गीला था। ट्रक से रिजका खाली करते समय कुलदीपनाथ भीग गया था। ट्रक से चारा खाली करने के बाद वह नजदीक स्थित गली में लघुशंका करने चला गया, लेकिन देर तक नहीं लौटा।