17 जून 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राम मंदिर से डिजिटल इंडिया तक, BJP ने गिनाईं 12 साल की उपलब्धियां, 2047 के भारत का दिखाया रोडमैप

BJP Prabuddh varg Sammelan: कानपुर देहात के इको पार्क माती में भाजपा का प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन हुआ, जिसमें मूलचंद निरंजन ने 12 वर्षों की उपलब्धियां गिनाईं। इस कार्यक्रम में वक्ताओं ने अनुच्छेद 370, राम मंदिर, डिजिटल इंडिया और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रमुख उपलब्धि बताया।

2 min read
Google source verification
BJP प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन

BJP प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित करते मुख्य अतिथि मूलचंद निरंजन (फोटो-पत्रिका)

BJP Achievements 12 Years:कानपुर देहात के माती स्थित इको पार्क में भारतीय जनता पार्टी का प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं विधायक मूलचंद निरंजन ने केंद्र की एनडीए सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को विस्तार से बताते हुए कहा कि वर्ष 2014 से शुरू हुआ विकास का सफर आज भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा चुका है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के कई ऐतिहासिक फैसलों ने देश को वैचारिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का काम किया है। सम्मेलन में बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन, पार्टी पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वक्ताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

अनुच्छेद 370 से राम मंदिर तक का किया उल्लेख

मुख्य अतिथि मूलचंद निरंजन ने अपने संबोधन में कहा कि अनुच्छेद 370 की समाप्ति, तीन तलाक पर रोक और अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण देश के लिए ऐतिहासिक निर्णय रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन कदमों ने देश की एकता और सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती प्रदान की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। सरकार की नीतियों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है, जिससे आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं।

डिजिटल क्रांति और जन कल्याणकारी योजनाओं को गिनाया

सम्मेलन में वक्ताओं ने जनधन योजना, यूपीआई डिजिटल भुगतान प्रणाली, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन को आसान और सम्मानजनक बनाया है।मूलचंद निरंजन ने कहा कि भारत आज दुनिया में डिजिटल लेनदेन के क्षेत्र में अग्रणी देशों में शामिल है। वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बावजूद देश मजबूत विकास दर के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने इसे केंद्र सरकार की नीतियों और आर्थिक सुधारों का परिणाम बताया।

विकसित भारत-2047 के संकल्प पर दिया जोर

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष रेणुका सचान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले जहां राजनीति में भ्रष्टाचार, जातिवाद और घोटाले प्रमुख चर्चा का विषय होते थे, वहीं आज विकास और सुशासन पर चर्चा हो रही है।

वक्ताओं ने प्रधानमंत्री के विकसित भारत-2047 के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ग्रीन एनर्जी और स्पेस टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में वैश्विक नेतृत्व की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, राज्य मंत्री अजीत पाल, राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला सहित कई जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।