12 जून 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kanpur News : जुआ खेलने से किया इन्कार, बेल्ट-डंडों से पीटा, पिता-पुत्र पर हमला, 13 पर मुकदमा

Kanpur Local News:जुआ खेलने से इन्कार करने पर रावतपुर में ओला चालक अभिषेक कुमार और उसके पिता संतोष सिंह के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि बेल्ट, ईंट और डंडों से हमला कर जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने 13 लोगों पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

2 min read
Google source verification
Kanpur News

सांकेतिक फोटो पत्रिका

Kanpur Crime News: कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र में जुआ खेलने से इन्कार करना एक युवक और उसके परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि इलाके के कुछ युवकों ने पहले युवक पर जुआ खेलने का दबाव बनाया और मना करने पर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। इतना ही नहीं, बाद में उसके पिता को भी घेरकर मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। मामले में पुलिस ने नौ नामजद समेत 13 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ओला कैब चालक को रोककर बनाया दबाव

रावतपुर निवासी संतोष सिंह के अनुसार उनका बेटा अभिषेक कुमार ओला कैब चलाता है। सोमवार देर रात वह ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में इलाके के सोनू सोनकर, मोनू सोनकर, हिमांशु सोनकर, तिवारी, समीर, राहुल सोनी, रितेश पासवान, प्रिंस सोनकर, दीपू सोनकर और चार अन्य लोगों ने उसे रोक लिया। पीड़ित का आरोप है कि सभी लोगों ने अभिषेक पर जुआ खेलने का दबाव बनाया। जब उसने जुआ खेलने से साफ इन्कार कर दिया तो आरोपित भड़क गए। इसके बाद उन्होंने बेल्ट, ईंट और डंडों से अभिषेक की पिटाई शुरू कर दी। अचानक हुए हमले में वह घायल हो गया।

लोगों के पहुंचने पर भागे आरोपी

मारपीट के दौरान शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे। स्थानीय लोगों को आता देख आरोपित वहां से फरार हो गए। घायल अभिषेक ने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिवार में दहशत का माहौल बन गया।

पिता को भी नहीं छोड़ा, दी जान से मारने की धमकी

पीड़ित संतोष सिंह का आरोप है कि घटना यहीं नहीं रुकी। कुछ समय बाद जब वह अपनी पत्नी को एक निजी अस्पताल से डिस्चार्ज कराकर घर लौट रहे थे, तभी आरोपितों ने उन्हें भी रास्ते में घेर लिया। आरोप है कि आरोपितों ने उनके साथ मारपीट की और परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। संतोष सिंह का कहना है कि आरोपितों ने जान से मारने की धमकी देकर उन्हें डराने का प्रयास किया।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

घटना की शिकायत मिलने के बाद रावतपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नौ नामजद और चार अज्ञात समेत कुल 13 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी रावतपुर कमलेश राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।