कानपुर देहात-जनपद के मंगलपुर थाना क्षेत्र के मिंडाकुआ में उस समय बवाल हो गया, जब गांव के सामने बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार युवक को रौंद डाला। जिससे घटना स्थल पर ही युवक की मौत हो गयी। घटना करके भाग रहे ट्रक को एकजुट हुए ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ लिया और ट्रक चालक की जमकर पिटाई करने लगे। इस पर पुलिस चौकी इंचार्ज झींझक ने ग्रामीणों के साथ मारपीट शुरू कर दी। जिससे गुस्साए ग्रामीणों ने झींझक रसूलाबाद मुख्य मार्ग पर शव रखकर जाम कर दिया। करीब तीन घण्टा बाद पुलिस क्षेत्राधिकारी डेरापुर व प्रभारी निरीक्षक थाना मंगलपुर के कार्यवाही के आश्वासन के बाद जाम खोला जा सका। जाम के दौरान फंसे स्कूली बच्चे बिलबिला उठे। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।