
SRK
कानपुर. आईपीएल मैच का आगाज हो चुका है और सभी टीमों के खिलाड़ी 22 गज की पिच पर चौके छक्के लगाकर अपनी-अपनी टीमों को जीत दर्ज करा रहे हैं। वहीं मनोरंजन के इस खेल को कुछ लोगों ने कारोबार बना लिया है जिसमें हर चौके, छक्के व विकेट पर जमकर सट्टा लगा रहे हैं। सट्टे कर धंधा शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी पहुंच चुका है। सोमवार को शहरूख खान की टीम कोलकाता नाइटराइडर्स के मैचे जीतने के बाद घाटमपुर थानाक्षेत्र के पसेमा गांव निवासी एक युवक ने मंगलवार को जहर खाकर जान दे दी। परिजनों ने बताया कि युवक ने मैच से पहले करीब चालीस हजार रूपए गौतम गंभीर की टीम दिल्ली डेयरडेविल्स पर लगाए थे। मैच हारने के बाद वह सीधे अपने कमरे में गया और जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज जांच शुरू कर दी है।
रकम हारने के बाद दे दी जान-
घाटमपुर थानाक्षेत्र के साढ़ चौकी के पसेमा गांव निवासी सौरभ शुक्ला को आईपीएल मैच में सट्टे की लत थी। आईपीएल के 11वें संस्करण की शुरुआत होते ही सौरभ बॉल और बैट पर पैसे लगाने लगा। मृतक की पत्नी शीलू ने बताया कि पति आईपीएल मैच में सट्टा लगाता था। बैंक में जमा पूंजी वह मैचों में हार चुका था। सोमवार को गौतम गंभीर की टीम दिल्ली डेयरडेविल्स पर उसने पैसा लगाया, लेकिन मैच शहरूख की टीम केकेआर जीत गई। इससे आहत होकर पति पूरी रात सो नहीं पाया। सुबह के वक्त वह टॉयलेट गया और अपने कमरे के अंदर जहर खा लिया। हम खाना लेकर कमरे के अंदर गए तो पति की मौत हो चुकी थी। उसके मुंह से झाग निकल रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के शव के पास से पुलिस ने एक रस्सी और जहरीला पदार्थ बरामद किया है।
पिता से मांगे पैसे, नहीं देने पर जान दी
मृतक के पिता राधेयाम ने बताया कि मंगलवार को उसने हमसे पांच हजार रूपए मांगे, लेकिन हमने देने से इंकार कर दिया और जमकर फटकार लगाई। हमारे साथ उसका विवाद भी हुआ। हमने उसे आईपीएल में सट्टा नहीं लगाने को कहा पर वह मानने को तैयार नहीं हुआ। बहू खाना पाकाने लगी और हम पोती को स्कूल छोड़ने चले गए। तभी सौरभ छत पर चढ़ गया और वहीं उसने जहर खा लिया। जब आशू काफी देर तक नीचे नहीं आया तो शीलू छत पर पहुंची तो सौरभ छत पर मृत पड़ा था और उसके मुंह से झाग निकल रहा था। जबकि, गले में रस्सी भी लिपटी हुई थी।
अपने इकलौते बेटे को खोने के बाद गमजदा पिता ने कहा कि आईपीएल के चलते कई परिवारों के घर के चिराग बुझ चुके हैं। इसी ने हमारे बेटे को छीन लिया। हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग करते हैं कि आईपीएल मैच रूकवाएं। जिससे की किसी का बेटा इस दुनिया को छोड़ कर न जा सके। वहीं चौकी इंचार्ज बृजेश भार्गव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मैचों में सट्टा हारने की वजह से मौत हुई है। मौके पर एक पुड़िया में सफेद रंग का जहरीला पाउडर बरामद हुआ, जिसे परीक्षण के लिए भेजा गया है। साथ ही नायलॉन की रस्सी भी मिली है। ऐसा लगता है कि पहले उसने फांसी लगाने का विचार किया होगा। लेकिन, बाद में जहर खा लिया।
फल-फूल रहा सट्टे का कारोबार
आईपीएल सीजन की शुरुआत होते ही जिलेके विभिन्न स्थानों पर सट्टे का अवैध कारोबार भी फलने फूलने लगा है। यह कारोबार अब इतने हाईटेक तरीके से हो रहा है। इसमें शामिल बुकी (सट्टा खिलवाने वाला व्यक्ति) तक पहुंच पाना पुलिस के लिए नामुकिन सा होता जा रहा है। हाईटेक होते जमाने के साथ दिल्ली और मुबंई में बैठे सटोरियों ने क्रिक लाईन और लाइव लाइन जैसे एप्लीकेशन विकसित कर लिए हैं, जो एंड्रॉयड मोबाइल में आसानी से डाउनलोड हो जाते हैं और फिर मैच शुरू होते ही सट्टे का रेट इस पर दिखने लगता है। सूत्रों की मानें तो सट्टे के हब के तौर पर तेजी से विकसित हो रहे कानपुर शहर में दर्जनों बुकी हैं जो लोगों को आईपीएल में सट्टा लगवाने का कार्य करते हैं। सूत्रों की मानें तो मैच शुरू होते ही एप के साथ बाक्स से भी रेट की घोषणा होती रहती है। इसके बाद शुरू हो जाता है सट्टे का खेल।
Published on:
18 Apr 2018 07:41 pm
बड़ी खबरें
View Allकानपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
