21 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kanpur Dehat News: जर्जर बिजली पोल से उतरा करंट, ट्रैक्टर चालक की मौके पर मौत; ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

Road Jam Kanpur Dehat:कानपुर देहात के जोधेपुर गांव में जर्जर बिजली पोल का वायर ट्रैक्टर पर गिरकर हाईटेंशन लाइन से छू गया। करंट लगने से चालक की मौत हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया।

2 min read
Google source verification

मृतक के परिजनों से बात करते थाना प्रभारी

Kanpur Rural News:कानपुर देहात जिले के गजनेर थाना क्षेत्र के जोधेपुर गांव में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर चालक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस के अनुसार, घाटमपुर थाना क्षेत्र के राहा गांव निवासी मिथलेश उर्फ दिनेश (25) अपने मामा रामप्रकाश कमल के यहां रहकर ट्रैक्टर चलाने का काम करता था। मंगलवार सुबह वह खेत पर जाने के लिए ट्रैक्टर लेकर निकला था। दोपहर करीब ढाई बजे जब वह घर के पास ट्रैक्टर मोड़ रहा था, तभी वहां लगे एक जर्जर विद्युत पोल का सपोर्ट वायर ट्रैक्टर की टक्कर से टूट गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टूटकर गिरा वायर ट्रैक्टर-ट्रॉली पर आ गिरा और उसका दूसरा सिरा पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से संपर्क में आ गया। इससे पूरी ट्रॉली में तेज करंट प्रवाहित हो गया। चालक दिनेश करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। आक्रोशित लोगों ने बिजली विभाग की लापरवाही को हादसे का जिम्मेदार ठहराते हुए गजनेर चौराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जाम के चलते क्षेत्र में यातायात बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर गजनेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर की वार्ता के बाद ग्रामीणों को शांत कराया गया और जाम खुलवाया गया।

थानाध्यक्ष सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में कई स्थानों पर जर्जर विद्युत पोल और तार लंबे समय से हादसों को दावत दे रहे हैं, लेकिन संबंधित विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।