15 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kanpur Dehat News: ड्यूटी से लौट रहे सिपाही की मौत, तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर

Police constable accident:कानपुर देहात में ड्यूटी से लौट रहे सिपाही की तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से मौत हो गई। समन तामील कर लौटते समय हादसा हुआ। पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर परिजनों को सूचना दे दी है।

2 min read
Google source verification

कानपुर देहात के रसूलाबाद थाना क्षेत्र में सोमवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे में ड्यूटी से लौट रहे एक सिपाही की मौत हो गई। समन तामील कर चौकी वापस लौटते समय उनकी बाइक को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।

जानकारी के अनुसार, आगरा जनपद के बजरिया बरहान खांडा निवासी केशव यादव (30) पुत्र मुन्नालाल रसूलाबाद थाना क्षेत्र की कहिंजरी चौकी में तैनात थे। सोमवार शाम वह पहाड़ीपुर गांव समन तामील कराने गए थे। ड्यूटी पूरी करने के बाद करीब सात बजे वह बाइक से चौकी लौट रहे थे। जैसे ही वह पहाड़ीपुर स्थित एक पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, सामने से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सिपाही उछलकर दूर जा गिरे। हादसे में उनका हेलमेट भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे चोटें और गंभीर हो गईं।

इसी दौरान किसी अन्य घटना की जांच कर लौट रहे क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार और थानाध्यक्ष एसएन सिंह की नजर सड़क किनारे गिरे सिपाही और सरकारी बाइक पर पड़ी। दोनों अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत वाहन रोका और घायल सिपाही को अपनी सरकारी गाड़ी से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रसूलाबाद पहुंचाया। जहां सीएचसी में मौजूद डॉ. सौरभ शाक्य ने जांच के बाद सिपाही को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही एएसपी राजेश पांडेय भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने मृतक सिपाही के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया और घर में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर, पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के जिम्मेदार वाहन की पहचान कर जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।