
रावतपुर थाने में महंत
कानपुर। रावतपुर थाना क्षेत्र के केशव पुरम स्थित त्रिलोकी धाम आश्रम में बुधवार देर रात को उस वक्त हड़कंप मच गया जब बर्रा के हिस्ट्रीशीटर अजय ठाकुर ने अपने साथियों के साथ मिलकर आश्रम में घुसकर महंत से मारपीट की। आरोपियों ने महंत को जान से मारने की धमकी भी दी। इतना ही नहीं, जब महंत शिकायत दर्ज कराने थाने जा रहे थे, तो रास्ते में दोबारा उन पर हमला किया गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि मुख्य आरोपी समेत अन्य की तलाश जारी है।
त्रिलोकी धाम आश्रम के महंत रविकांत शुक्ला उर्फ भोला गिरी नांगा ने बताया कि वह पिछले करीब 45 वर्षों से आश्रम में रहकर सेवा कर रहे हैं। उनका आरोप है कि बर्रा निवासी हिस्ट्रीशीटर अजय ठाकुर का आश्रम के पास रहने वाली एक युवती से संबंध है। इस वजह से अजय पिछले दो-तीन महीने से लगातार आश्रम के आसपास आता-जाता था। महंत ने कई बार इस पर आपत्ति जताई थी।बुधवार को इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। महंत का आरोप है कि विरोध करने पर अजय ठाकुर अपने साथियों के साथ आश्रम पहुंचा और ईंट-पत्थर चलाने शुरू कर दिए। इसके बाद सभी आरोपी आश्रम परिसर में बने कमरे में घुस गए और जमकर मारपीट की।
घटना के बाद महंत रविकांत शुक्ला थाने में प्रार्थना पत्र देने जा रहे थे। आरोप है कि तभी रास्ते में आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बावजूद महंत किसी तरह पुलिस तक पहुंचे और पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई।पुलिस जब महंत को मेडिकल परीक्षण के लिए लेकर जा रही थी, तभी रामलाल स्कूल के पास आरोपियों ने फिर से हमला बोल दिया। पुलिस को आता देख सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से एक थार जीप, तीन रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की है। पुलिस ने एक आरोपी को मौके से ही हिरासत में ले लिया।
पूरे मामले पर एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार ने बताया कि महंत की तहरीर पर हिस्ट्रीशीटर अजय ठाकुर समेत 7 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Updated on:
30 Apr 2026 12:50 am
Published on:
30 Apr 2026 12:27 am
बड़ी खबरें
View Allकानपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
