28 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kanpur News:मायके में रह रही महिला ने दो मासूम बेटियों संग खाया जहर, तीनों की मौत से गांव में पसरा मातम

Kanpur Crime News:कानपुर में एक महिला ने अपनी दो नाबालिग बेटियों के साथ जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज जांच शुरू कर दी है।

2 min read
Google source verification

कानपुर नगर के महाराजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नजफगढ़ गांव में मंगलवार दोपहर एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पांच वर्षों से मायके में रह रही 35 वर्षीय महिला ने अपनी दो नाबालिग बेटियों के साथ जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई और हर आंख नम हो गई।

क्या है पूरा मामला

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतका की पहचान चांदनी पासवान (35) के रूप में हुई है। चांदनी ने मंगलवार दोपहर अपनी बेटियों पायल (8) और ब्यूटी (5) के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खा लिया। जहर खाने के कुछ ही मिनटों बाद तीनों की हालत तेजी से बिगड़ने लगी। जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते और मदद पहुंचाते, तब तक मां और दोनों बच्चियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पांच साल से मायके में थी चांदनी

जानकारी के मुताबिक चांदनी का विवाह करीब 12 वर्ष पूर्व मैनपुरी जिले के करहल क्षेत्र में हुआ था। हालांकि, पिछले पांच वर्षों से वह अपने मायके नजफगढ़ गांव में रह रही थी। यहां वह मेहनत-मजदूरी कर अपनी दोनों बेटियों का पालन-पोषण कर रही थी। ग्रामीणों ने बताया कि चांदनी मेहनती और शांत स्वभाव की थी।

घटना के वक्त घर में कोई नहीं था

घटना के समय घर में कोई भी वयस्क सदस्य मौजूद नहीं था। चांदनी के पिता रामपाल रोजगार के सिलसिले में गुजरात में रहते हैं, जबकि मां शांति देवी खेतों में भूसा लेने गई थीं। इसी दौरान परिवार का एक किशोर घर पहुंचा तो उसने चांदनी और दोनों बच्चियों को तड़पते हुए देखा। किशोर के शोर मचाने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी।

पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव

सूचना मिलते ही महाराजपुर थाना पुलिस और कानपुर पुलिस कमिश्नरेट की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। डीसीपी पूर्वी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। जहरीला पदार्थ कौन सा था और महिला ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी गहन जांच की जा रही है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

गांव में पसरा मातम, हर जुबान पर एक ही सवाल

एक साथ मां और दो मासूम बच्चियों की मौत से नजफगढ़ गांव में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के बीच बस एक ही सवाल गूंज रहा है कि आखिर ऐसी क्या मजबूरी रही कि चांदनी ने अपनी दो फूल सी बेटियों के साथ जीवन लीला समाप्त कर ली। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और परिजनों व करीबी लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।