
कानपुर के कल्याणपुर मेट्रो स्टेशन पर सोमवार दोपहर उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक युवक अचानक मेट्रो ट्रैक पर उतर गया और वहां इधर-उधर टहलने लगा। घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद पुलिस और मेट्रो प्रशासन हरकत में आ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक नशे की हालत में था और बिना टिकट एएफसी (ऑटोमैटिक फेयर कलेक्शन) गेट को पार कर प्लेटफॉर्म तक पहुंच गया। इसके बाद वह तेजी से दौड़ते हुए ट्रैक पर उतर गया। युवक की इस हरकत से स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में दहशत फैल गई। कई लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था।
बताया जा रहा है कि इस दौरान युवक ने खुद को नुकसान पहुंचाने की भी कोशिश की। जब सुरक्षाकर्मियों और आसपास मौजूद लोगों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, तो उसने अपना सिर दीवार में पटक लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन पर तैनात सुरक्षा कर्मी और पुलिस मौके पर पहुंच गई।
मामले में ट्रेनी आईपीएस व प्रभारी निरीक्षक सुमेध मिलिंद जाधव ने बताया कि युवक नशे में था और पुलिस को देखकर उसने खुद को चोट पहुंचाई। उसे तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। उन्होंने कहा कि युवक के स्वस्थ होने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी और पूरे मामले की जांच की जाएगी।
वहीं, मेट्रो प्रशासन ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सोमवार दोपहर करीब 1:20 बजे युवक ने अनधिकृत रूप से एएफसी गेट पार कर प्लेटफॉर्म में प्रवेश किया और ट्रैक पर उतर गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्टेशन कंट्रोलर ने तत्काल ट्रैक की बिजली आपूर्ति बंद कर दी, जिससे किसी बड़े हादसे को टाला जा सका। मेट्रो कर्मियों और सुरक्षाकर्मियों की तत्परता से युवक को सुरक्षित ट्रैक से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया। मेट्रो प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और संबंधित पक्षों से रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
13 Apr 2026 08:14 pm
बड़ी खबरें
View Allकानपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
