31 मार्च 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kanpur News:फर्जी GST पंजीयन का जाल: करोड़ों की टैक्स चोरी का खुलासा, तीन पर मुकदमा

GST Fraud:कानपुर में फर्जी दस्तावेजों से जीएसटी पंजीयन कर 3.27 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी का मामला सामने आया। राज्य कर विभाग की शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

2 min read
Google source verification

कानपुर में फर्जी दस्तावेजों के सहारे जीएसटी पंजीयन कर करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी का मामला सामने आया है। कल्याणपुर थाना क्षेत्र में उजागर हुए इस घोटाले ने राज्य कर विभाग और पुलिस महकमे को अलर्ट कर दिया है। विभागीय शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फर्जी पते पर कराया गया पंजीयन, जांच में खुली पोल

राज्य कर विभाग की जांच में सामने आया कि ‘श्री हरी ट्रेडर्स’ फर्म का जीएसटी पंजीयन फर्जी दस्तावेजों के आधार पर कराया गया था। फर्म के स्वामी बबलू ने कानपुर के मंगला विहार स्थित एक पते का इस्तेमाल किया, लेकिन मौके पर जांच में भवन स्वामी ने साफ इनकार कर दिया कि उन्होंने किसी को किराए पर जगह दी है। उन्होंने यह भी बताया कि वह बबलू नाम के व्यक्ति को नहीं जानते। इससे साफ हो गया कि पते का दुरुपयोग कर पंजीयन हासिल किया गया, जो एक सुनियोजित धोखाधड़ी का हिस्सा है।

करोड़ों का कारोबार दिखाकर 3.27 करोड़ की कर चोरी

जांच में जीएसटी पोर्टल के आंकड़ों से खुलासा हुआ कि फर्म ने करोड़ों का फर्जी कारोबार दिखाकर टैक्स चोरी की। वित्तीय वर्ष 2024-25 में 10.07 करोड़ रुपये की बिक्री दिखाकर 1.84 करोड़ रुपये का कर नहीं चुकाया गया। वहीं 2025-26 में 5.99 करोड़ रुपये के कारोबार पर 1.43 करोड़ रुपये की चोरी सामने आई। इस तरह कुल 3.27 करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान सरकार को हुआ।

दो और फर्में भी जांच के घेरे में

जांच के दौरान ‘तिवारी इंटरप्राइजेज’ और ‘वैशाली इंटरप्राइजेज’ नाम की दो अन्य फर्मों की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई। इन दोनों फर्मों के पते और दस्तावेजों की जांच में भी गड़बड़ी मिली है। प्राथमिक जांच में सामने आया कि इन फर्मों का पंजीयन भी फर्जी दस्तावेजों के आधार पर कराया गया था। इससे यह संकेत मिलता है कि यह कोई अकेला मामला नहीं, बल्कि एक संगठित गिरोह का हिस्सा हो सकता है, जो अलग-अलग नामों से फर्म बनाकर टैक्स चोरी कर रहा था।

तीन आरोपियों पर मुकदमा, जांच जारी

राज्य कर विभाग के उपायुक्त की तहरीर पर कल्याणपुर थाना पुलिस ने बबलू, पूजा तिवारी और कुसुम तिवारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इन पर साजिश रचकर कूटरचित दस्तावेजों के जरिए जीएसटी पंजीयन हासिल करने और टैक्स चोरी करने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।