Kanpur Weather: उत्तर प्रदेश के कानपुर व कानपुर देहात में बिपारजॉय का असर अब खत्म हो चुका है। जिसके चलते उमस ने लोगों के हाल बेहाल कर दिए हैं
Kanpur Weather: उत्तर प्रदेश के कानपुर व कानपुर देहात में बिपारजॉय का असर अब खत्म हो चुका है। जिसके चलते उमस ने लोगों का जीना दुश्वार कर दिया है और अब कानपुर वासियों को मानसून का इंतजार है। मौसम विभाग की माने तो उत्तर प्रदेश के अंदर मानसून दस्तक दे चुका है। सब कुछ ठीक रहा तो 29 जून को हल्की बारिश होने की संभावना है लेकिन 30 जून को अच्छी बारिश की उम्मीद मौसम विभाग कर रहा है।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि मंगलवार रात मात्र 1.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। दिन में धूप निकलने से तापमान में वृद्धि हुई है। शहर के आसपास बारिश के कारण वातावरण में नमी बनी हुई है। मंगलवार को नमी का अधिकतम प्रतिशत 75 और न्यूनतम 58 रहा। हवा बेहद सुस्त रही। इस कारण उमस बढ़ गई। लोगों को पसीने वाली चिपचिपी गर्मी से परेशान होना पड़ा है। बीते मंगलवार को अधिकतम तापमान 35.4 और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहा। तापमान में वृद्धि से बेचैनी भरी गर्मी बनी रही। हवा की दिशा दक्षिण पूर्वी होने से उमस अधिक हो गई। फिलहाल शहरवासियों को इसी तरह की गर्मी का सामना करना पड़ेगा। हवा की दिशा दिन में कई बार बदलने से भी स्थितियां प्रतिकूल बनी हुई हैं।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि मानसून की सक्रियता में अभी समय लग सकता है। फिलहाल छिटपुट बारिश ही होगी। 30 जून को अधिक वर्षा की संभावना है। यदि मानसून सामान्य गति से लगातार आगे बढ़ेगा तो प्रदेश में दो-तीन दिन बाद तेज बारिश संभावना है।