15 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

UP में LPG संकट से हड़कंप! 80% होटल-रेस्टोरेंट बंद, ब्लैक में 5000 रुपये तक बिक रहा सिलेंडर

यूपी में LPG संकट के कारण होटल और रेस्टोरेंट उद्योग को भारी नुकसान हो रहा है। कई जगह सिलेंडर ब्लैक में 5000 रुपये तक बिक रहा है।

2 min read
Google source verification
LPG-gas-crisis

एलपीजी गैस सिलेंडर

LPG Crisis : उत्तर प्रदेश में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई रुकने से होटल और रेस्टोरेंट का कारोबार बुरी तरह प्रभावित हुआ है। यूपी होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के चेयरमैन आरके सेठी का कहना है कि प्रदेश में लगभग 80% होटल और रेस्टोरेंट बंद हो चुके हैं। कानपुर में तो करीब 60% कारोबार पूरी तरह ठप पड़ गया है।

शनिवार शाम सप्लाई शुरू होने का आदेश

शनिवार देर शाम सरकार ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई दोबारा शुरू करने का आदेश दिया। लेकिन अभी यह साफ नहीं है कि हालात कब सामान्य होंगे। कई जगहों पर अभी भी सिलेंडर नहीं पहुंच पाए हैं। आरके सेठी ने बताया कि गैस सिलेंडर न मिलने की वजह से होटल-रेस्टोरेंट का काम लगभग बंद हो गया है। कई जगह मालिक मजबूरी में लकड़ी या कोयले से खाना बनाने की कोशिश कर रहे हैं। यूपी में कुल करीब 14 हजार होटल और 20 हजार रेस्टोरेंट हैं। इनमें से ज्यादातर का कारोबार रुक गया है।

कानपुर में सेठी ग्रुप के 7 होटल बंद

सेठी ग्रुप के कानपुर में 8 होटल हैं। इनमें से 7 पिछले चार दिनों से पूरी तरह बंद हैं। हालात इतने खराब हैं कि होटल में ठहरे मेहमानों को चाय तक नहीं पिलाई जा रही। रोजाना सिर्फ इन 8 होटलों में ही करीब 5 लाख रुपये का नुकसान हो रहा है।

बैंक्वेट और शादी-समारोहों पर असर

कानपुर में करीब 200 होटल और 250 बैंक्वेट हॉल हैं। पहले से बुक कार्यक्रमों में बदलाव करना पड़ रहा है। मेन्यू बदलना पड़ रहा है और ग्राहकों को मन मुताबिक खाना नहीं दे पा रहे। इससे मालिकों को भारी नुकसान हो रहा है। एक उदाहरण शुक्रवार का है। एक होटल में 700 लोगों की शादी की दावत थी। मेन्यू में इमरती और जलेबी थी, लेकिन गैस न होने से मिठाई नहीं बन सकी। आखिर में बूंदी के लड्डू मंगवाकर काम चला लिया गया। इसी तरह एक इफ्तार पार्टी में बालूशाही बनानी थी, लेकिन वह भी नहीं बन सकी। बाद में लड्डू परोसकर इफ्तार कराया गया। आयोजकों ने कहा कि पहली बार इफ्तार में लड्डू खिलाए गए।

ब्लैक में 5 हजार रुपये तक बिक रहा सिलेंडर

होटल कारोबारियों का कहना है कि बाजार में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर ब्लैक में 5 हजार रुपये तक में बिक रहा है। सामान्य दाम से कई गुना ज्यादा कीमत पर लोग मजबूरी में खरीद रहे हैं। आरके सेठी ने कहा कि अगर यह संकट लंबा चला तो होटल बंद रहने के बावजूद कर्मचारियों को दो वक्त का खाना देना भी मुश्किल हो जाएगा। हालांकि उन्होंने भरोसा दिलाया कि कर्मचारियों को पूरी सैलरी दी जाएगी। उन्होंने सरकार से जल्द से जल्द गैस की सप्लाई शुरू करने की अपील की है।

कानपुर का मशहूर पंडित रेस्टोरेंट भी बंद

कानपुर में कुल 350-400 होटल और 700 के आसपास रेस्टोरेंट हैं। इनके हालात भी वैसे ही हैं। शहर का प्रसिद्ध पंडित रेस्टोरेंट पिछले चार दिनों से बंद है। लंच और डिनर दोनों बंद कर दिए गए हैं। पंडित रेस्टोरेंट के संचालक प्रणव पांडेय ने बताया कि उनके दो रेस्टोरेंट हैं, लेकिन गैस न मिलने से दोनों बंद हैं। खाने का पूरा सेगमेंट फिलहाल बंद है। वे लकड़ी-कोयले का इस्तेमाल नहीं कर रहे, क्योंकि पर्यावरण का ध्यान रखना जरूरी है।