
Kanpur dehat
कानपुर देहात। जिले में जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ रही है। हालांकि घटनाओं के बाद सक्रिय हुए जिम्मेदारों ने तमाम ठेकों पर छापेमारी कर अवैध शराब बरामद कर कार्यवाही की है। वहीं कुछ ठेके संचालको व अवैध शराब ठिकानों पर निगाहें पैनी कर शराब आपूर्ति कर्ताओं के गठजोड़ का सुराग पुलिस लगाने में जुट गई है। अभी हालात सामान्य भी नही हो पाए थे कि उसके पहले ही कमालपुर के एक युवक की शराब पीने से हालत बिगड़ गयी। बताया गया कि युवक ने देशी शराब पी। इसके कुछ समय बाद उसकी हालत बिगड़ गयी। जिसके बाद वह जमीन पर गिर पड़ा। आनन फानन में परिजनों ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
बताते चले कि बीते सप्ताह के शनिवार को जनपद के रूरा क्षेत्र के मड़ौली ठेके से शराब खरीदकर पीने से रात में ही श्यामू की मौत के बाद लोगों की मौतों का सिलसिला शुरू हो गया था, जिसके बाद मड़ौली गांव पर मातम के बादल छा गए। हालांकि इसके बाद मौत का यह खेल थमा नहीं और एक के बाद एक 10 मौतें हो गयी। इधर पुलिस प्रशासन ने भी धड़ाधड़ छापेमारी शुरू की लेकिन फिर भी हालात नही सुधर रहे है। एक बार फिर जिले में सनसनी तब फैली जब कमालपुर गांव के सुरेंद्र उर्फ मखंचू की शराब पीने के बाद हालत खराब हो गयी। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस को फोन करके जिला अस्पताल भेज दिया। लेकिन हालत में सुधार न होता देख कानपुर के हैलट अस्पताल में उसे भेजा गया, जहां गभीर हालत में उसका इलाज हो रहा है। हालांकि इस घटना के बाद से आस पास के ठेकों पर पुलिस की नजर टेढ़ी है।
जबकि इस घटना के बाद प्रमुख सचिव आबकारी कल्पना अवस्थी के निर्देश के बाद आबकारी विभाग ने लगातार ठेकों की जांच की थी। जिसके बाद आबकारी अधिकारी पर गाज गिरने व नए अधिकारी के कार्यभार ग्रहण करने के बाद कई ठेकों को चिन्हित कर उन पर पैनी नजर रखी जा रही है। जिन पर कभी भी गाज गिर सकती है। मामले में सीओ अजयप्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि शराब दुकानों का लगातार टीम बना निरीक्षण किया जा रहा है आसपास के ठेके भी पुलिस की रडार पर है।
Published on:
26 May 2018, 3:52 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.