
दृष्टिहीनों की सुविधा के लिए रेलवे शुरू करेगा टच लेआउट बोर्ड की सुविधा
कानपुर। रेलवे ने दृष्टिहीनों की सुविधा के लिए सभी ए-1 कैटेगरी के स्टेशनों में ब्रेल लिपि से लिखे टच लेआउट बोर्ड लगाने का फैसला लिया है. अब ये बोर्ड दृष्टिहीन यात्रियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाने में मददगार साबित होंगे. उनको प्लेटफार्म, आरपीएफ, जीआरपी, फूड स्टॉल व टिकट विंडो तक पहुंचने के लिए किसी की मदद की जरूरत नहीं पड़ेगी. यह बोर्ड स्टेशन के सभी इंट्री प्वाइंट्स पर लगाए जाएंगे.
ऐसे करेंगे मदद
रेलवे स्टेशन पर अकेले आने वाले दृष्टिहीन यात्रियों को रेलवे की विभिन्न सुविधाओं के बारे में जानकारी ही नहीं हो पाती है. टच लेआउट बोर्ड के जरिये ऐसे यात्री खाने के स्टॉल, टिकट विंडो, एफओबी, वॉटर एटीएम समेत अन्य सुविधाओं की जानकारी आसानी से हासिल कर सकेंगे.
ऐसे मिलेगी जानकारी
एनसीआर सीपीआरओ गौरव कृष्ण बंसल ने बताया कि स्टेशनों में दृष्टिहीन यात्रियों की सुविधा के लिए ब्रेल लिपि से लिखा टच लेआउट बोर्ड लगाने के साथ ही एनाउंसमेंट से भी विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी. उन्होंने बताया कि स्टेशन के एंट्री प्वाइंट के साथ ही प्लेटफार्मों में भी टच लेआउट बोर्ड लगाए जाएंगे. इससे ऐसे विशेष श्रेणी के यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े.
कई जगह शुरू हुई सेवा
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक रेलवे बोर्ड के आदेश के बाद बिलासपुर स्टेशन समेत कुछ स्टेशनों में इस सुविधा का शुभारंभ किया जा चुका है. पीआरओ अमित मालवीय ने बताया कि संभावना जताई जा रही है कि नवंबर माह तक एनसीआर जोन के सभी ए-1 कैटेगरी के स्टेशनों में भी यह सुविधा शुरू हो जाएगी.
ऐसे हुई शुरुआत
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक रेलवे बोर्ड ने दृष्टिहीन यात्रियों की सुविधाओं के लिए निर्मित हो रहे नए कोचों में बर्थ नंबर ब्रेल लिपि से अंकित करने का निर्णय लिया था. इससे ट्रेन में सफर करने के दौरान दृष्टिहीन यात्री बिना किसी की मदद के अपनी बर्थ की पहचान कर सकते हैं. एनसीआर जोन की 100 से अधिक ट्रेन के कोचों में ब्रेल लिपि में बर्थ नंबर लिखे हैं.
Updated on:
12 Oct 2018, 4:02 PM IST
Published on:
12 Oct 2018, 4:02 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.