कानपुर। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के संयोजक शिवपाल यादव कानपुर पहुंचे। वो पूर्वमंत्री अमरजीत सिंह के भतीजे की शादी समारोह में शामिल हुए। इस मौके पर शिवपाल जहां बीजेपी को राममंदिर पर घेरा तो वहीं सपा प्रमुख अखिलेश यादव को बड़ा नेता बताते हुए तंज सका। शिवपाल ने कहा हम नौ दिसंबर को लखनऊ के रमाबाई अम्बेडकर मैदान में रैली करेंगे। हम संविधान बचाओ, देश बचाओ रैली से केंद्र व राज्य सरकार को बड़ा संदेश देंगे। इस रैली में हमारे साथ बहुजन मुक्ति पार्टी भी रहेगी। लेकिन इस रैली में समाजवादी पार्टी के मुखिया सहित किसी भी नेता को नहीं बुलाया गया है।
नेता जी के कहने पर बनाई पार्टी
शिवपाल सिंह ने कहा कि हमने और नेता जी (मुलायम सिंह) ने मिलकर समाजवादी पार्टी का गठन किया। हमारे साथ सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने खून-पसीना बहाकर साइकिल की बुनियाद रखी। लेकिन विरासत में कुर्सी मिलते ही हमारा व नेता जी का अपमान होने लगा। नेता जी के कहने पर हम दो साल का अपमान बर्दाश्त करते रहे, लेकिन जब पानी सिर से ऊपर से गुजरने लगा तब हमने सपा से नाता तोड़ लिया। नेता जी के आदेश पर पार्टी बनाई। हमारे दल में वो समाजवादी पार्टी के नेता शामिल हो रहे हैं, जिन्हें सम्मान नहीं मिलता था। यदि अखिलेश हमारी बात मानते तो यूपी में बीजेपी की नहीं समाजवादियों की सरकार होती। 9 दिसबंर की रैली में अखिलेश यादव को नहीं बुलाया गया है, क्योंकि उनके विचार हमसे नहीं मिलते। अब वो बड़े नेता हो गए हैं।
कानून-व्यवस्था ध्वस्त
शिवपाल यादव ने कहा कि यूपी में कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। यहां पर महिलाओं की आबरू सुरक्षित नहीं है। भाजपा पर अब किसी भी मतदाता को भरोसा नहीं रह गया है। हम इसका लाभ लेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा के साथ अन्य कई पार्टी को जनता ने आजमा लिया है। कोई भी उनको राहत नहीं दे सका है। अब हमारी पार्टी जोरदार ढंग से प्रदेश में खड़ी होगी। भाजपा और सभी पार्टियों को जनता ने आजमा लिया है। नौ तारीख को रैली के माध्यम से एक नया विकल्प जनता के सामने होगा। इसमें लाखों की संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। राजा भैया के रैली में शामिल होने के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि अभी उनसे बात नहीं हुई। जल्द ही राजा भैया के साथ बैठक कर उन्हें भी रैली में आने को कहा जाएगा।
जन्मदिन पर दंगल का आयोजन
शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि हमारी पार्टी नेताजी के जन्मदिन पर 22 नवंबर को प्रदेश में दंगल का आयोजन करेगी। इस मौके पर इटावा के सैफई में भी दंगल होगा। उन्होंने कहा कि नेता जी का आशीर्वाद हमारे साथ हमेशा है, रहा है और रहेगा। नेताजी के साथ मैं बचपन से रहा हूं। शायद नेताजी को हम ज्यादा समझते हैं। उनके ही आशीर्वाद से हम आगे बढ़ रहे हैं। नेता जी से रैली में आने के लिए बात की जाएगी। नेताजी को रैली में बुलाने के लिए पहले हम लोग आपस मे बात करेंगे। समाजवादी सेकुलर मोर्चा की ताकत से सभी बौखलाए हुए हैं। पूरी संगठन और शक्ति के साथ रैली का आयोजन किया जाएगा।
विवादित स्थान पर नहीं कराएं निर्माण
राम मंदिर मुद्दे पर शिवपाल ने कहा कि जब भी चुनाव आते हैं तो भाजपा को अयोध्या याद आने लगती है और परिणाम आने के बाद राम गुम हो जाते हैं। भाजपा को सुप्रीम कोर्ट के फैसले का इंतजार करना चाहिए। अगर इंतजार नहीं कर सकते हैं तो विवादित स्थान पर मंदिर का निर्माण नहीं कराएं। यदि यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ को मंदिर निर्माण की जल्द है तो वो दूसरी जगह पर राममंदिर का निर्माण करवा दें। पूर्व मंत्री ने कहा कि भाजपा देश को बांटने का कार्य कर रही है और इसका हमलोग विरोध करेंगे। शिवपाल यादव ने कहा कि जिलों के नाम बदलने के बजाए भाजपाई अपने दिलों को बदलें ताकि देश में सांप्रदायिक और सौहार्द का माहौल बन सके।