
कुंभ तक टैप हुए नालों की पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड करेगा लाइव मॉनीटरिंग
कानपुर। अद्र्धकुंभ से पहले गंगा को निर्मल बनाने के लिए कानपुर में 4 नालों को टैप करने की प्रक्रिया को लगभग पूरा कर लिया गया है. नालों को गंगा की ओर से डायवर्ट कर जाजमऊ एसटीपी भेजा जा रहा है. इसके बाद भी यूपी पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड कोई जोखिम नहीं लेना चाहता है. इसके लिए टैप हो चुके नालों की कुंभ तक लाइव मॉनिटरिंग करने का फैसला लिया है.
की जाएगी लाइव मॉनिटरिंग
वहीं जाजमऊ स्थित चारों नालों पर भी लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी. लखनऊ स्थित बोर्ड ऑफिस में इसकी वेबकास्ट के जरिए लाइव फीडिंग की जाएगी. वहीं 4 नालों के अंतिम छोर पर दो ईंट की मोटी दीवार खड़ी करने के भी निर्देश दिए गए हैं. कुंभ तक इन सभी कार्यों को अनिवार्य रूप से किया जाना है. बोर्ड द्वारा कानपुर को जारी दिशा-निर्देश में इन बातों को उल्लेख किया गया है.
30 नवंबर की आखिरी तारीख
उ.प्र. पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी कुलदीप मिश्रा के मुताबिक शासन की इच्छा के अनुरूप बोर्ड की ओर से कार्ययोजना तैयार की गई है. इसे पूरा कराने के लिए समयबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा. गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई, जल निगम को पत्र भेजकर डबल स्टेज टैपिंग और लाइव मॉनिटरिंग कराने के संबंध में अवगत कराया गया है. जाजमऊ स्थित चार नाले डबका नाला, शीतला बाजार, वाजिदपुर और बुढिय़ाघाट नाले पर दीवार बनाई जाएगी, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि एक भी नाले से टेनरी वेस्ट में गंगा में नहीं गिर रहा है.
इनकी भी होगी रिकॉर्डिंग
अद्र्धकुंभ से पहले बोर्ड की ओर से टेनरीज की ऑफलाइन के साथ ऑनलाइन मॉनिटरिंग भी की जाएगी. इसके लिए पॉल्यूशन बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सभी टेनरी के मुख्य गेट पर सीसीटीवी कैमरा लगाया जाए, इसे सुनिश्चित किया जाए. इसकी लाइव फीडिंग बोर्ड के सर्वर पर की जाएगी. इससे ट्रकों के आने-जाने पर नजर रखी जा सके. इसके अलावा एसटीपी के इनलेट और आउटलेट पर ओसीईएमएस और वेब कैमरा लगाकर सीपीसीबी के सेंट्रल सर्वर से निगरानी की जाएगी.
Published on:
29 Nov 2018 02:43 pm

बड़ी खबरें
View Allकानपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
