29 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कानपुर
बिजली-पानी के संकट से हाहाकार, बेहाल लोगों ने लगा दिया जाम
Play video

बिजली-पानी के संकट से हाहाकार, बेहाल लोगों ने लगा दिया जाम

मानसून आने से पहले बिजली विभाग की खुली पोल, आंधी-तूफान के चलते शहर के कई इलाकें में बिजली गुल, सड़क पर उतरे नाराज लोग।

Google source verification

कानपुर। जिले का प्रभारीमंत्री डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य हैं, बावजूद पेयजल, सड़क और बिजली के लिए जनता को सड़क पर उतरना पड़ा है। गुरूवार को आए धांधी तूफान से तीनों पर कहरा अघात किया, जिसका दर्द करीब पंद्रह लाख उठा रहे हैं। इसी से आजिज आकर आक्रोशित उपभोक्ताओं ने देर शाम नमक फैक्ट्री चौराहे पर जाम लगा दिया और केस्को के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान तकरीबन एक घंटे तक वाहन फंसे रहे। मामला बिगड़ते देख केस्को अधिकारियों ने आश्वासन दिया, लेकिन लोग बिजली आपूर्ति बहाल किए जाने पर अड़े रहे। बिजली आने के बाद ही हंगामा शांत हुआ।

पटरी पर नहीं उतरी बिजली
गुरुवार देर रात आई आंधी के साथ उड़ी बिजली शनिवार की शाम तक पटरी पर नहीं आ सकी। दिन भर बिजली कटौती से लोग बेहाल रहे। शाम होते-होते अलग-अलग स्थानों पर गर्मी से पांच लोगों की मौत हो गई। आक्रोशित उपभोक्ताओं ने नवीन नगर में प्रदर्शन किया वहीं नमक फैक्ट्री चौराहे पर जाम लगा दिया। कटौती से 17 सौ प्रतिष्ठानों में भी कई घंटे उत्पादन बंद रहा। बदहाल तंत्र फाल्ट ठीक करने में नाकाम रहा और अधिकारी नाकामी छिपाने के लिए आंधी से व्यवस्था बिगड़ने की दलीलें देते रहे।

पेयजल की समस्या बढ़ी
कल्याणपुर, इंदिरा नगर, हैरिसगंज, छप्पर आदि क्षेत्रों में बिजली का संकट रहा। रात में कुछ इलाकों में आपूर्ति कर दी गई, लेकिन शुक्रवार सुबह से कटौती का दौर फिर शुरू हो गया जो दिनभर चलता रहा। ऐसे में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली कटौती की वजह से कई इलाकों में लोग पेयजल के लिए तरसते नजर आए। ऊंचे अपार्टमेंटों में रहने वाले लोगों तक पानी नहीं पहुंच सका। हैरानी की बात ये रही कि मजबूत तंत्र का दावा करने वाली केस्को भी आंधी के बाद हुए फाल्टों को ठीक करने में बुरी तरह नाकाम रही। अधिकारी यह नहीं बता सके कि अगर आंधी से फाल्ट हुए थे तो उन्हें समय रहते ठीक क्यों नहीं किया गया।

औद्योगिक क्षेत्र में कटॉती की मार
बिजली कटौती से दादा नगर औद्योगिक क्षेत्र के करीब 17 सौ प्रतिष्ठान प्रभावित हुए। दादा नगर उपकेंद्र का बी ब्लॉक फीडर, लोहिया नगर फीडर, मेन 207 और न्यू 177 फीडर रात सवा बारह बजे, पॉलीमर फीडर साढ़े बारह बजे ब्रेकडाउन में चले गए। यहां काफी देर तक सप्लाई ठप रही। प्रोवेंशियल इंडस्ट्री एसोसिएशन के वरिष्ठ प्रांतीय उपाध्यक्ष अतुल सेठ ने केस्को को शहर में हो रही अघोषित कटौती और बेपटरी विद्युत व्यवस्था का जिम्मेदार बताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिकायत की है। बावजूद जमीन पर केस्को के अधिकारी नहीं दिखे।

विपक्ष ने भाजपा पर साधा निशाना
सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी ने कहा कि चुनाव के वक्त कानपुर के लोगों को 24 घंटे बिजली सिर्फ वोट पाने के लिए भाजपा सरकार दे रही थी। परिणाम आने के बाद अब अंधाधुंध कटौती हो रही है। अभी कोई और चुनाव आ जाएं तो फिर से बिजली पहले की तरह आने लगेगी। प्रदेश सरकार पूरी तरह से जनविरोधी है। समाजवादी पार्टी जनता के साथ मिलकर आंदोलन करेगी। विधायक इरफान सोलंकी ने कहा चाहे सीएम योगी आदित्यनाथ हो य बिजली मंत्री उन्हें बिजली समस्या से कोई लेना-देना नहीं है। सिर्फ कोरे वादे कर जनता को छला जा रहा है। बिजली ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है।