सूरौठ/हिण्डौनसिटी. सूरौठ कस्बे में शुक्रवार को एक बार फिर से रियासतकालीन झलक देखने को मिली। राजसी लवाजमे के साथ सूरौठ महल और फतेहगढ़ से निकली ईसर-गणगौर की सवारी में कस्बा परम्पराओं के रंग में नजर आया। ईसर-गणगौर की सवारी की झलक पाने के लिए बाजार में दुकान व मकानों की छत भीड़ से अट गई।
जयपुर रियासत के ठिकाने रहे कस्बे में शाम करीब पांच बजे सूरौठ महल में शक्तिसिंह सुल्तानौत की मौजूदगी में पालकी में विराजी राजसी शृंगार में सजी ईसर-गणगौर की प्रतिमा को तुरई और मशालों की अगुवाई में बाहर लाया गया। महल के मुख्यद्वार के पास आंगन में पूर्व ठिकानेदार परिवार के रिपुदमन सिंह सुल्तानौत सहित अन्य ने पूजा कर ईसर-गणगौर की आरती उतारी। बैण्डबाजे के साथ शाही बग्धी में गणगौर की सवारी महल से निकल बयाना मार्ग स्थित रोडवेज बस स्टैंड पहुंची। एसबीआई बैंक शाखा के सामने से होते हुए बाजार से निकलकर सवारी फतेहगढ़(पुराने गढ़) के मुख्यद्वार पर पहुंची। जहां से पूर्व सरपंच नत्थूसिंह राजावत सहित अनेक लोगों की अगुवाई में फतेहगढ़ से निकली ईसर-गणगौर एक और सवारी भी शामिल हो गई। इस दौरान इस दौरान डीएसपी किशोरीलाल, पंचायत समिति सदस्य बृजेश भारद्वाज, उपसरपंच श्याम सुंदर सैनी, वेदप्रकाश शर्मा वीरेंद्र सिंह राजावत भारत राजावत, रतनलाल कोली मौजूद रहे। करीब एक दर्जन सजीव झांकियों के साथ गणगौर की राजसी सवारी मुख्य बाजार, गांधी स्मारक चौराहा, आयुर्वेद औषधालय, पुलिस चौकी, सब्जी मंडी, उदासी का बाग होते हुए सूरौठ महल व फतेहगढ़ पहुंची। शोभायात्रा में एक दर्जन से अधिक सजीव झांकी निकाली गई। शोभायात्रा के दौरान थाना प्रभारी शरीफ अली के नेतृत्व में पुलिस जाप्ता तैनात रहा। वहीं मेला मजिस्ट्रेट तहसीलदार गजानंद मीणा ने भी सवारी के साथ मौजूद रहे।
रास्ते में पिलाया ईसर-गणगौर को पानी-
परम्परा के अनुसार रास्ता में गांधी स्मारक चौराहे पर गणगौर की सवारी को विश्राम कराया गया। जहां महादेव मंदिर पर ईसर-गणगौर को पानी पिलाने की रस्म पूरी की गई। गौरतलब है कि रियासतकाल में गांधी स्मारक के पास स्थिति बाग था। जहां सवारी का ठहराव ईसर-गणगौर को जल आचमण कराया जाता था।
आज निकलेगी बड़ी गणगौर की सवारी
गणगौर पर्व के दूसरे दिन शनिवार को कस्बे में बड़ी गणगौर की राजसी सवारी निकलेगी। मेला समिति सदस्यों के अनुसार शाम को बैण्डबाजे व झांकियोंं की अगुवाई में ईसर- गणगौर की सवारी निकाली जाएगी।
रेहटक पर झूले बच्चे, मेले में की खरीददारी
गणगौर मेले में आयुर्वेदिक चिकित्सालय परिसर में लगे रेहटक झूलों पर महिलाओं व बच्चों ने झूल कर मनोरंजन किया। वहीं मेला स्थल पर बालिका विद्यालय मार्ग पर सजी दुकानों पर महिलाओं ने घरेलू सामान व सौंदर्य प्रसाधन की सामग्री खरीदी। बच्चों ने खिलौनों की खरीदारी की। वहीं खान-पान के ठेलों पर भी खरीदारों की भीड़ रही।