
करौली के स्वर्ण जयंती उद्यान में झलकेगी प्रकृति की सुंदरता, डेढ़ करोड़ से संवरेगा उद्यान
करौली. शहरवासियों को जल्द ही घूमने-फिरने के लिए उद्यान की सुविधा मिलेगी, वहीं बच्चों को मनोरंजन के लिए झूले-चकरी का आनन्द मिल सकेगा। इसके लिए जिला मुख्यालय स्थित स्वर्ण जयंती वाणिकी उद्यान को विकसित करने की तैयारी की जा रही है। उद्यान को विकसित करने पर करीब डेढ़ करोड़ रुपए की राशि खर्च की जाएगी। इसके लिए वन विभाग की ओर से जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह के निर्देशन में कवायद की जा रही है। विभाग ने उद्यान में कराए जाने वाले कार्यों का तकमीना तैयार कर राज्य सरकार को डेढ़ करोड़ रुपए के प्रस्ताव भिजवा दिए हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार प्रस्तावों को हरी झण्डी मिलते ही उद्यान को विकसित करने का कार्य शुरू हो जाएगा। ऐसा पर शहरवासियों को घूमने-फिरने और बच्चों को मनोरंजन के लिए सुविधा मिल सकेगी। गौरतलब है कि यहां के पांचना बांध को भी पर्यटन के रूप में विकसित करने के कवायद चल रही है।
बनेगा वाच टावर और चलेंगे फव्वारे
गद्का की चौकी के समीप स्थित स्वर्ण जयंती वाणिकी उद्यान को विकसित करने की वन विभाग ने कार्ययोजना तैयार की है। इसमें विशेष रूप से प्राकृतिक रूप को दर्शाते हुए कार्य शामिल किए हैं। लकड़ी का इको फ्रेंडली वाच टावर का निर्माण कराने के साथ 30 हजार प्राकृतिक पौधों के थावले बनाए जाएंगे। वहीं उद्यान में एक बड़ा एवं चार छोटे फव्वारे भी लगाए जाएंगे। बच्चों को मनोरंजन के लिए झूले लगेंंगे और दीवार एवं बोर्डों पर जंगली जानवर एवं जंगल से सम्बंधित पेंटिंग बनाई जाएंगी।
वहीं पार्क में करीब 1300 मीटर की पक्की दीवार कराई जाएगी। साथ ही आवागमन के लिए रास्तों का निर्माण होगा। वहीं वहां पहुंचने वाले लोगों को बैठने के लिए रास्ते में जगह-जगह बैंच लगाए जाएंगी और बैंचों के ऊपर घास एवं लकड़ी की हट बनाए जाएंगी। उद्यान में रोशनी की व्यवस्था के लिए सोलर प्लांट लगाया जाएगा और बालू मिट्टी के टापूओं पर घास एवं फूलदार पौधे लगाकर छोटे-छोटे गार्डन विकसित किए जाएंगे। साथ ही पत्थर व सीमेन्ट से पिचिंग का कार्य होगा। इसके अलावा उद्यान के नालों में पानी के डैम और तलाईयों का निर्माण होगा। उद्यान में ईको शॉप विकसित करने के साथ अस्थाई टिकिट बुकिंग खिड़की भी स्थापित की जाएगी।
लगाए जाएंगे औषधीय पौधे
उद्यान में विभिन्न प्रकार के 20 हजार औषधीय पौधे भी लगाए जाएंगे। उद्यान के कुछ भाग में अश्वगंधा, तुलसी, ग्वारपाठा, कालमेघ के पौधे लगाए जाएंगे।
इनका कहना है........
स्वर्ण जयंती वाणिकी उद्यान को विकसित करने की कार्ययोजना बनाई गई है। उद्यान को प्राकृतिक रूप से विकसित करने की मंशा है। करीब डेढ़ करोड़ रुपए की राशि इसके विकास पर खर्च की जाएगी, जिसके प्रस्ताव बनाकर उच्चाधिकारियों को भिजवा दिए गए हैं। उद्यान के विकसित होने से लोगों को घूमने-फिरने के लिए अच्छी जगह मिल सकेगी। साथ ही बच्चों को मनोरंजन के लिए भी उद्यान में झूले आदि लगाए जाएंगे।
सुमित बंसल, उप वन संरक्षक, वन विभाग, करौली
-------------
करौली. गद्का की चौकी पर वन विभाग कार्यालय से सटा स्वर्ण जयंती वाणिकी उद्यान।
Published on:
22 Jun 2022 09:04 pm
बड़ी खबरें
View Allकरौली
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
