
काले कपड़े पहन किया प्रदर्शन, सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप
करौली. मांगों को लेकर सरकार से पूर्व में हुए समझौते के अनुसार सकारात्मक आदेश जारी नहीं होने से ग्राम विकास अधिकारी क्षुब्ध हैं। उन्होंने सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए सोमवार को धरना देकर विरोध-प्रदर्शन किया। साथ ही सरकारी व्हाट्सअप ग्रुपों से भी लेफ्ट हो गए। विरोध-प्रदर्शन के बाद ग्राम विकास अधिकारियों ने जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं उपजिला कलक्टर को ज्ञापन भी सौंपा। समझौते के अनुसार सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर प्रदेश के ग्राम विकास अधिकारियों द्वारा मुख्यमंत्री और ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री के आवासों का घेराव करने की चेतावनी भी दी है।
इस दौरान ग्राम विकास अधिकारी संघ के जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रशासन गांवों के संग अभियान के दौरान राजस्थान ग्राम विकास अधिकारी संघ के आंदोलन के चलते एक अक्टूबर 2021 को सरकार ने समझौता कर 15 नवम्बर तक संघ की मांगों पर सकारात्मक आदेश निकलवाने का आश्वासन दिया था। लेकिन अब तक राज्य सरकार ने संघ के साथ किए समझौते पर कोई सकारात्मक आदेश जारी नहीं कर वादाखिलाफी की है। संघ की ओर से मुख्यमंत्री, मंत्री और अधिकारियों को कई बार ज्ञापन देने के बावजूद सकारात्मक कार्रवाई नहीं हो रही। इससे ग्राम विकास अधिकारियों में रोष व्याप्त है।
इसी क्रम में संघ के प्रदेश प्रतिनिधि श्याम सुन्दर शर्मा ने कहा कि पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा मंत्री के समझौते के विपरीत प्रमोशन के पद सहायक विकास अधिकारी के 106 पद काटे गए हैं, जिन्हें पुन: सृजित करने के बजाए हाल ही में विभाग द्वारा इनके पदस्थापना की पत्रावली चला दी गई है। मंत्री द्वारा समझौते में कहा था कि अन्तर जिला स्थानान्तरण चाहने वाले ग्राम विकास अधिकारियों को एक बार मौका देकर इनको इनके जिले में पहुचंा दिया जाएगा, लेकिन विभाग द्वारा जुलाई में ग्राम विकास अधिकारी के 5396 पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूर्ण होने तक अन्तरजिला स्थानांतरण संभव नहीं है।
वहीं संघ के जिला मंत्री नेमसिंह मीना ने बताया कि समझौतों पर सरकार द्वारा सकारात्मक कार्रवाई नहीं करने के कारण उन्हें विरोध में काले कपड़े पहनकर धरना और प्रदर्शन करना पड़ा है। साथ ही ग्राम विकास अधिकारियों सभी राजकीय व्हाट्सएप ग्रुपों से भी लेफ्ट हो गए हैं। इस दौरान संघ के कई सदस्य मौजूद रहे।
Published on:
11 Jul 2022 09:27 pm
बड़ी खबरें
View Allकरौली
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
