करौली. विभिन्न मांगों के पूरा नहीं होने को लेकर कर्मचारियों में रोष बढ़ रहा है। इसे लेकर विभिन्न कर्मचारी संगठनों की ओर से यहां आक्रोश वाहन रैली निकालकर सरकार के खिलाफ रोष जताया गया। इस दौरान कर्मचारियों ने विरोध स्वरूप काले कपड़े पहनकर आक्रोश वाहन रैली निकाली और सरकार से शीघ्र मांगों को पूरा करने की मांग की।
अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ के बैनर तले महासंघ से सम्बद्ध विभिन्न संगठनों के कर्मचारी मुंशी त्रिलोकचन्द माथुर स्टेडियम पर एकत्रित हुए, जहां से आक्रोश वाहन रैली शुरू हुई। रैली पुरानी कलक्ट्री सर्किल, एसपी ऑफिस के सामने होकर ट्रक यूनियन से कलक्ट्री तक निकाली गई। इस दौरान कलक्ट्री के सामने सिटी पार्क के यहां कार्मिकों की सभा हुई। रैली में शामिल कार्मिक अपनी मांगों के समर्थन और सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए चल रहे थे। इस दौरान कार्मिकों ने सरकार पर वायदा खिलाफी के भी आरोप लगाए।
महासंघ के जिलाअध्यक्ष राजेश कुमार शर्मा, महामंत्री मुकेश सारस्वत, संघर्ष समिति के संयोजक शैलेन्द्र सिंह जादौन ने रैली का नेतृत्व किया। इस दौरान कर्मचारी नेताओं ने कहा कि सरकार ने चुनावी घोषणा पत्र में किए गए वादों को अब तक पूरा नहीं किया है। 15 सूत्रीय मांग पत्र पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इससे कार्मिकों में रोष व्याप्त है।
महासंघ के जिलाध्यक्ष राजेश शर्मा ने बताया की कार्मिक अपनी मांगों को लेकर लंबे समय से विरोध प्रदर्शन करते आ रहे हैं। राज्य सरकार ने कई बार उनसे समझौते कर मांगों पर सहमति जताई है। लेकिन मांग अभी तक पूरी नहीं हुई। जिसको लेकर कार्मिकों में रोष व्याप्त है। कार्मिकों ने कहा कि उनके वेतन में व्याप्त विसंगतियों को दूर करने, स्थाई नियुक्ति, संविदा नियुक्ति खत्म करने, पदोन्नति की 8, 16, 24 और 32 साल करने एवं पूर्व में हुए समझौता को लागू करने की मांग की जा रही है। कार्मिकों ने मांग पूरी नहीं होने पर 2 अक्टूबर को जयपुर में आंदोलन किया जाएगा।
रैली में ग्राम विकास अधिकारी संघ के जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह, पशु चिकित्सा कर्मचारी संघ के अरुण शर्मा, पटवार संघ के रसिकबिहारी शर्मा, शिक्षक संघ प्रगतिशील के जिलाध्यक्ष मुकेश सारस्वत, आयुर्वेद नर्सेज के अध्यक्ष धर्नुधर मीना, आयुर्वेद परिचाक संघ के हुकमचन्द योगी, सहायक कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष धर्मपाल सिंह, प्रबोधक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा, शिक्षक संघ शेखावत के अतरसिंह गुर्जर, शिक्षाकर्मी संघ के प्रदेशाध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा, कृषि पर्यवेक्षक संघ के कैलाश रावत, मंत्रालयिक कर्मचारी संघ के महेन्द्र शर्मा, वन विभाग के महेन्द्र सिंह, वाहन चालक संघ के राजेन्द्र शर्मा आदि शामिल रहे।