
बचपन के स्कूल पहुंच यादों में खोए सवाईमाधोपुर कलक्टर राजेन्द्र किशन
हिण्डौनसिटी. पडौसी जिले सवाईमाधोपुर के कलक्टर राजेन्द्र किशन गुरुवार को चौपड़ सर्किल के पास स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पहुंचे, तो उनके बचपन की यादें ताजा हो उठीं। विद्यालय के शिक्षकों ने साफा-माला पहनाकर सम्मान किया तो कलक्टर अभिभूत हो गए। वे भरतपुर से वापस सवाईमाधोपुर लौटते समय अचानक हाईस्कूल पहुंचे।
उल्लेखनीय है कि सवाईमाधोपुर कलक्टर राजेन्द्र किशन की हिण्डौन के निवासी हैं। उन्होंने सन् 1978 से 1980 तक राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय(हाईस्कूल) में कक्षा 9, 10 व 11 वीं की पढ़ाई की है। अपने बचपन के स्कूल पहुंचकर उन्होंने पुरानी यादें ताजा की। साथ ही बच्चों के बीच पहुंच कर बातचीत भी की।
सवाईमाधोपुर कलक्टर ने पुरानी यादें ताजा करते हुए बताया कि इसी स्कूल में पढ़कर वे यहां तक पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि स्कूल में वे अपने एक अन्य सहपाठी के साथ प्रार्थना सभा कराते थे। उन्होंने अपने दौर के कई शिक्षकों के नाम भी बताए और अपनी सफलता में उनके योगदान के लिए आभार प्रकट किया। आईएएस राजेन्द्र किशन ने बच्चों से उनके कैरियर से संबंधित बात की और भविष्य की प्लानिंग के बारे में पूछताछ की। इसके जवाब में छात्र-छात्राओं ने उनकी तरह आईएएस या पुलिस सेवा, इंजीनियर और डॉक्टर के पेशे में अपना कैरियर बनाने की इच्छा जताई। इस पर सवाईमाधोपुर कलक्टर ने बच्चों को उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभ कामनाएं दी।
शिक्षकों के साथ खिंचवाई फोटो-
शिक्षकों के आग्रह पर सवाईमाधोपुर कलक्टर राजेन्द्र किशन ने उनके साथ फोटो भी खिंचवाई। साथ ही विजिटर रजिस्टर में अपने हस्ताक्षर किए। एसडीएम अनूप सिंह ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया, तो वहीं विद्यालय की प्राचार्य प्रतिभा शर्मा ने गुलाब के फूल भेंट किए। शिक्षकों ने भी साफा बंधवा कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान एसीबीईओ दयाल सिंह सोलंकी, आरपी गोपाल सिंह गुर्जर, स्काउटर विजेंद्र सिंह गुर्जर, व्याख्याता सुनील गुप्ता, शारीरिक शिक्षक मुरारी लाल शाक्यवार समेत कई शिक्षक मौजूद रहे।
Published on:
09 Sept 2021 11:48 pm
बड़ी खबरें
View Allकरौली
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
