हटाईं गईं सडक़ें व सीमाएं, कॉलोनाइजरों को दी गई हिदायत, नहीं हुई अबतक वैधानिक कार्रवाई
कटनी. नगर निगम प्रशासन द्वारा अवैध कॉलोनी निर्माण व अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार को निगमायुक्त नीलेश दुबे के आदेश पर नगर निगम की टीम ने अलग-अलग वार्डों में दबिश देकर अवैध कॉलोनी विकास कार्यों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए निर्माण संरचनाओं और सीमा चिन्हों को हटाया है। जेसीबी से ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई है। टीम द्वारा चार स्थानों पर यह कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई के बाद से भू-माफियाओं में हडक़ंप मच गया है।
बता दें कि शहर में नियम-कायदों को ताक पर रखकर मनमानी की गई है। बगैर विकास शुल्क जमा किए व अनुज्ञा लिए बगैर ही प्लाटिंग की जा रही है और लोगों को मनमाने दाम में बगैर मूलभूत सुविधाओं का विकास कराए प्लाट बेचे जा रहे हैं। इससे करोड़ों रुपए के राजस्व की क्षति पहुंच रही है। बता दें कि शहर में चल रही इस मनमानी को पत्रिका ने 6 जुलाई के अंक में ‘बेखौफ भू-माफिया: निगम और प्रशासन की चुप्पी से शहर बना अवैध प्लाटिंग का अड्डा’ नामक शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इसमें चल रही मनमानी को उजागर किया गया। जिसके बाद आयुक्त ने मामले को संज्ञान में लिया और कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मनमानी करने वालों के खिलाफ एफआइआर दर्ज करने की भी कार्रवाई होगी।
सोमवार सुबह निगम की टीम ने रामकृष्ण परमहंस वार्ड की सिक कॉलोनी का निरीक्षण किया। यहां बिना अनुमति बनाए जा रहे सडक़ निर्माण की प्रारंभिक संरचना को ध्वस्त कर दिया गया। यहां पर किसी शेख नामक व्यक्ति द्वारा प्लॉटिंग की गई थी। इसी प्रकार वार्ड 43 महाराणा प्रताप वार्ड में अवैध निर्माण हटाया गया है। यहां पर लगभग 2 एकड़ क्षेत्र में शुभम साहू और लखन साहू द्वारा वैदिक हाइलाइंस के आगे किए जा रहे अवैध कॉलोनी विकास, प्लाटिंग पर कार्रवाई की। टीम ने मौके पर जाकर सीमा चिन्ह और निर्माण कार्य को जेसीबी से हटाया।
इसी तरह निगम दल ने आचार्य विनोबा भावे वार्ड स्थित नायरा पेट्रोल पंप के पास की जमीन का जायजा लिया। यहां पुरूषोत्तम राजेन्द्र, वल्स युशली, चंद्रवती धतियाबाई, कल्लू बाई पुत्री संतोषी, सुम्मी, घरमी बाई चौधरी, रमेश, राजकुमार नरोत्तम, सुनीताबाई, संतोषी धनियाबाई, मनयुख भिरखुबाई और विशाल पिता सुरेन्द्र कुमार अग्रवाल द्वारा लगभग 2 एकड़ क्षेत्र में अवैध कॉलोनी का निर्माण पाया गया। निगम दल ने यहां भी विकास कार्य एवं सीमा चिन्ह हटाकर संबंधितों को बिना अनुमति निर्माण कार्य न करने की सख्त चेतावनी दी।
इस अभियान में नगर निगम के अतिक्रमण विरोधी दल के उपयंत्री अश्वनी पाण्डेय, मानवेंद्र सिंह, उपयंत्री जेपी बघेल, संजय मिश्रा, टाइम कीमर निगम, मनोज पाठक, रक्कू वाजपेई सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारियों की मौजूदगी में कार्रवाई की गई। निगम प्रशासन ने हिदायत दी अभियान चलाकर इसी तरह अवैध कॉलोनी निर्माण पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
माधवनगर रेलवे स्टेशन गेट के बाजू से जाने वाले रास्ते में आगे लगभग 30 एकड़ से अधिक एरिया में अवैध प्लाटिंग की गई है। इसी प्रकार समदरिया कॉलोनी माधवनगर के पीछे की तरफ 12 बंगला के समीप भी अवैध प्लाटिंग हुई है। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत शास्त्री कॉलोनी में अवैध प्लाटिंग की गई है, रबर फैक्ट्री रोड में कई लोगों के द्वारा नियमों को ताक में अवैध प्लाटिंग कराई गई है। कुठला थाना के पीछे जेपीवी, डीएवी स्कूल के सामने, पीछे हुआ वेलवेटर स्कूल के समीप व्यापक पैमाने पर अवैध प्लाटिंग की गई है। बाबाघाट से मंगलनगर रोड पर अवैध प्लाटिंग हुई है। साईं मंदिर पहरुआ के पीछे व सामने सैकड़ो एकड़ में अवैध प्लाटिंग कराई गई है। कलेक्ट्रेट बंगला के पीछे तरफ भी जमकर मनमानी हुई है।
वर्जन
अवैध कॉलोनी निर्माण की शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई की जा रही है। पूरे शहर में जहां पर भी अवैध कॉलोनी बनी हैं वहां पर कार्रवाई होगी। कॉलोनाइजर और निर्माणकर्ताओं से कहा गया है कि वे नगर निगम से विधिवत अनुमति प्राप्त करने के बाद ही किसी भी प्रकार का विकास कार्य प्रारंभ करें।
नीलेश दुबे, निगमायुक्त।