
नगर निगम के कांजी हाउस में भुखमरी की कगार पर मवेशी
कटनी. नगर निगम के अमीरगंज स्थित कांजीहाउस में मवेशियों की देखभाल में बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां 25 से ज्यादा मवेशी रखे गए हैं। ज्यादातर वे मवेशी हैं, जिन्हे नगर निगम के कर्मचारी शहर की सड़कों पर अवारा घूमते हुए पकड़कर यहां लाते हैं। जानकर ताज्जुब होगा कि कांजी हाउस में 5 से ज्यादा मवेशियों की या तो मौत हो गई है या फिर मौत की कगार पर पहुंच चुके हैं। कुछ को कौंवे तक नोच रहे हैं।
अपने बछड़े का पता लगाने शनिवार को अमीरगंज स्थित कांजीहाउस पहुंचे शहर के युवा शशांक त्रिपाठी ने यहां मवेशियों की दुर्दशा पर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल किया। उन्होंने बताया कि अमीरगंज स्थित कांजीहाउस में मवेशी भूखों मरने की कगार पर हैं। इनके खाने का इंतजाम नहीं किया गया है और समीप में कचरा प्लांट से फेंके गए कचरे को मवेशी खा रहे हैं। कई मवेशियों की मौत के बाद शव परिसर पर ही हैं, कुछ मवेशी भूख और बीमारी के कारण उठ तक नहीं पा रहे हैं।
सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने के बाद भी शनिवार शाम तक नगर निगम का अमला मवेशियों के आहार इंतजाम को बेपरवाह बना रहा। इस बीच देरशाम शशांक त्रिपाठी के साथ अखिलेश पुरवार, कृष्णा सोनी, सतीश सोनी, मंजू शर्मा, सतीश खंपरिया व संदीप मिश्रा व शहर के दूसरे युवा चारा लेकर कांजी हाउस पहुंचे और मवेशियों को चारा खिलाया।
नगर निगम आयुक्त अब अमीरगंज स्थित कांजीहाउस में मवेशियों के देखभाल में लापरवाही पर कार्रवाई की बात कह रहे हैं। आयुक्त सत्येंद्र धाकरे ने बताया कि इस मामले में स्वच्छता निरीक्षक जीएस परिहार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने बताया कि अमीरगंज कांजीहाउस में मवेशियों की मौत की जानकारी मिली है। बताया जा रहा है कि मौतें स्वाभाविक है। फिर भी हमने पशु चिकित्सा सेवाएं विभाग के उपसंचालक को जांच के लिए भेजा है। रिपोर्ट आते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Published on:
09 Jan 2022 01:26 pm
बड़ी खबरें
View Allकटनी
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
