
ward-residents-are-helping-to-install-cctv-in-the-streets
कटनी। वारदातों को अंजाम देकर बच निकलने वाले अपराधियों पर नजर रखने पुलिस लगातार शहर में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने का काम कर रही है। शहर के छूटे स्थानों पर कैमरे लगाने एक बार फिर से विभाग ने प्रस्ताव तैयार किया है और उसमें नए 32 कैमरे लगाए जाएंगे। कैमरे लगाने के लिए शहर के सभी थानों से जानकारी मांगी गई थी और उसके बाद थाना प्रभारियों द्वारा बताए गए स्थानों का अधिकारियों ने निरीक्षण कर उन्हें चिन्हित किया है। जिसमें 11 स्थानों पर 32 कैमरे लगाने की तैयारी की जा रही है। नए कैमरे लगने के बाद शहर में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढकऱ 230 हो जाएगी।
कोतवाली थाना क्षेत्र में सबसे अधिक
नए कैमरे लगाने के लिए चिन्हित स्थानों में सबसे अधिक प्वाइंट कोतवाली थाना क्षेत्र के हैं। इसमें थाना क्षेत्र के नई बस्ती चड्ढा कॉलेज के पास, सरस्वती स्कूल, संतनगर, शहीद द्वार, जालपा मढिय़ा, बाबाघाट, खिरहनी चौकी क्षेत्र शामिल हैं। यहां पर तीन-तीन कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा माधवनगर थाना के पीरबाबा में 2, जिला जेल मोड़ में 2, ट्रैफिक थाना के पास 4 कैमरे लगेंगे। वहीं कोतवाली व एनकेजे थाना की सीमा में दुबे कॉलोनी में भी 3 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
खास-खास
144 कैमरे लगाए गए थे पहले चरण में
14 कैमरे जनसहयोग से पुलिस ने दूसरे चरण में लगाए
40 सीसीटीवी कैमरे विधायक निधि की राशि से हुए स्थापित
32 कैमरों के लिए मुड़वारा विधायक ने ही अपनी निधि से राशि देने की थी घोषणा
इनका कहना है -वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर शहर के अन्य स्थानों पर कैमरे लगाने प्रस्ताव तैयार किया गया है। प्रस्ताव में अब 11 और स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। काम किया जा रहा है। -एचएल चौधरी, रेडियो निरीक्षक और प्रभारी
Published on:
19 Mar 2020, 6:35 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.