कटनी. अंजनी नंदन भगवान बजरंगबली के जन्मोत्सव की शहर भर में धूम है। सुबह से मंदिरों मेंं लोग पूजन अर्चन करने पहुंचे। भगवान का पूजन कर विशेष श्रंगार किया गया और आरती उतारकर भोग लगाया गया। प्रमुख दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर कमानिया गेट में सुबह पूजन के बाद शोभायात्रा निकाली गई। जिसने शहर के सुभाष चौक, झंडाबाजार, शेर चौक, आजाद चौक सहित अन्य मार्गों का भ्रमण किया और मंदिर में समापन किया गया। शोभायात्रा भजन गाती मंडलियोंं के साथ झूमते श्रद्धालु और झांकियां शामिल हुईं। जगह-जगह लोगों ने भगवान की आरती उतारी और रंगोली सजाकर शोभायात्रा का स्वागत किया। शोभायात्रा के दौरान अखाड़ों ने भी अपने कौशल का प्रदर्शन किया।
सुख्खन चौक में महाआरती
सुख्खन अखाड़ा में सुबह भगवान बजरंगबली का पूजन किया गया। वहीं चौक में अखाड़े के सदस्यों व पहलवानों ने अपने कौशल का प्रदर्शन करते हुए भगवान की महाआरती की और प्रसाद का वितरण किया। शहर के पुरानी कचहरी, माधवनगर गेट, पंचायत चौराहा, खिरहनी फाटक, पुराना जिला न्यायालय परिसर, कुठला सहित अन्य स्थानों पर भी सुबह से पूजन अर्चन व प्रसाद का वितरण किया गया।