कटनी. शहर की जनता को सस्ता, सुरक्षित और सुविधाजनक सफर मुहैया कराने के लिए नगर निगम द्वारा बनाई गई सिटी बस योजना दिन प्रतिदिन दम तोड़ती नजर आ रही है। एक ओर जहां 4 इलेक्ट्रिक बसों को चलाने के लिए एक साल में प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई तो वहीं कटनी से निवार रूट में दो बसों को चलाने की योजना सिस्टम में खामी के कारण मैदान पर नहीं उतर पा रही है। इसकी मुख्य वजह यह है कि परिवहन विभाग से आस्थाई परमिट न मिलने के कारण बसों का संचालन नहीं हो पा रहा है। जो 4 बसें चल रहीं थी, उनमें से कटनी से रीठी व कटनी से कैमोर रूट की बसों का परमिट भी समाप्त हो गया है। उनके संचालन पर भी तलवार लटकी हुई है। बताया जा रहा है कि बस ऑपरेटर अपने रिस्क में यदा-कदा बसों का संचालन कर रहे हैं।
जानकारी हैरानी होगी कि बस ऑपरेटर कंपनी नसीम ट्रांसपोर्ट द्वारा नगर निगम से अनुबंध के अनुसार लगभग तीन माह से दो नई बसें लाकर बस स्टैंड स्थित ऑडिटोरियम सहित अन्य स्थान में खड़ा किए हुए हैं। अस्थाई परमिट न मिलने के कारण बसों का संचालन नहीं हो पा रहा। बताया जा रहा है कि बालाघाट, सिवनी में बस एसोसिएशन में राजनीति हो जाने के कारण रोक लग गई थी। कई जगह बगैर परमिट के बसें चल रहीं हैं। अब ट्रांसपोर्ट कमिश्नर के माध्यम से आस्थाई परमिट दिए जाने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। वहीं दूसरी ओर 3 माह से बसें खड़ी होने के कारण बस ऑपरेटर को बड़ा नुकसान उठाना पड़ रहा है। उनका कहना है कि किश्त लग रही है। जन मानस को यात्रा करने में भारी परेशानी हो रही है, बावजूद इसके जिम्मेदार अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।