
HANGAMA
कटनी. कलेक्ट्रेट कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान उस समय हडक़ंप मच गया, जब अपनी समस्या लेकर पहुंचे एक परिवार ने अधिकारियों के सामने हंगामा कर दिया। बताया जा रहा है कि मामला नाली के पानी की निकासी से जुड़ा है, जिससे परिवार पिछले कई वर्षों से परेशान है। जानकारी के अनुसार पीर बाबा क्षेत्र निवासी कमोद प्रसाद विश्वकर्मा पत्नी और छोटी बच्ची के साथ जनसुनवाई में शिकायत लेकर पहुंचे थे। उनका आरोप है कि वह पिछले करीब पांच वर्षों से नाली के पानी की निकासी की समस्या से जूझ रहे हैं और हर मंगलवार को जनसुनवाई में आवेदन देते आ रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
बताया जा रहा है कि जब अधिकारियों द्वारा उन्हें कार्यालय से बाहर जाने के लिए कहा गया तो कमोद प्रसाद विश्वकर्मा और उनका परिवार आक्रोशित हो गया। इसके बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में ही हंगामा शुरू कर दिया। परिवार का कहना था कि जब समस्याओं का समाधान ही नहीं हो रहा है तो जनसुनवाई का कोई औचित्य नहीं है।
हंगामे के दौरान कमोद प्रसाद की पत्नी भी अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए बहस करने लगीं। इस दौरान परिवार ने अधिकारियों के सामने आत्महत्या की धमकी भी दी, जिससे कलेक्ट्रेट परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सीएसपी नेहा पचीसिया ने परिवार को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने परिवार की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया। घटना के बाद कुछ समय तक कलेक्ट्रेट परिसर में हलचल बनी रही, हालांकि पुलिस और प्रशासन की तत्परता से मामला शांत हो गया।
Published on:
11 Mar 2026 10:29 am
बड़ी खबरें
View Allकटनी
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
