11 मार्च 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जांच में खुली पोल: रेलवे स्टेशन पर फूड प्लाजा में मिली एक्सपायरी कोल्डड्रिंक

ज्यादा दाम वसूली पर मल्टीपर्पज स्टॉल किया सील, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चलाया अभियान, वाणिज्य विभाग ने की कार्रवाई

2 min read
Google source verification

कटनी

image

Balmeek Pandey

Mar 11, 2026

Surprise check at Katni railway station

Surprise check at Katni railway station

कटनी. होली के बाद यात्रियों की बढ़ती भीड़ के बीच कटनी रेलवे स्टेशन पर खानपान व्यवस्था की हकीकत उस समय सामने आ गई जब रेलवे के स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को अचानक जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान प्लेटफार्म क्रमांक 2 स्थित फूड प्लाजा में बड़ी लापरवाही सामने आई, जहां एक्सपायरी कोल्डड्रिंक और पेय पदार्थ बेचे जाने की तैयारी थी वहीं यात्रियों से तय कीमत से ज्यादा पैसे वसूलने की शिकायत पर एक मल्टीपर्पज स्टॉल को सील कर दिया गया।
रेलवे की स्वास्थ्य टीम ने स्टेशन परिसर में सांची मिल्क पार्लर, फूड प्लाजा और जनआहार केंद्र की जांच की। इस दौरान एनकेजे रेलवे अस्पताल से एडीएमओ डॉ. आदित्य आर्या, सीएचआई एनकेजे मोहम्मद शहनवाज और कटनी के सीएचआई बालवेन्द्र प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जांच के दौरान प्लेटफार्म क्रमांक 2 पर स्थित फूड प्लाजा में 24 बोतल मेंको कोल्डड्रिंक और 27 टेट्रापैक पेय पदार्थ एक्सपायरी पाए गए।

खाद्य सामग्री की इस गंभीर अनियमितता पर एडीएमओ डॉ. आदित्य आर्या ने मौके पर ही कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई और एक्सपायरी पेय पदार्थों को तत्काल नष्ट कराया। अधिकारियों ने संचालक को चेतावनी देते हुए भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न करने के निर्देश दिए। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि होली के बाद ट्रेनों और स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ी है। इसी का फायदा उठाकर कुछ दुकानदार नियमों की अनदेखी कर रहे थे। फूड प्लाजा में एक्सपायरी पेय पदार्थ खपाने की कोशिश की जा रही थी, जबकि एक स्टॉल पर यात्रियों से मनमाने दाम वसूले जा रहे थे। एडीएमओ डॉ. आदित्य आर्या ने बताया कि यात्रियों के स्वास्थ्य और हितों से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में भी स्टेशन परिसर में इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे और अनियमितता मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ओवरचार्जिंग पर स्टॉल किया सील

इसी दौरान रेलवे के वाणिज्य विभाग ने प्लेटफार्म क्रमांक 3-4 के जबलपुर एंड पर स्थित एक मल्टीपर्पज स्टॉल को भी सील कर दिया। दरअसल इस स्टॉल से यात्रियों को निर्धारित मूल्य से अधिक दामों पर खाद्य सामग्री बेचे जाने की शिकायत लगातार मिल रही थी। शिकायत मिलने के बाद जबलपुर मंडल से निर्देश जारी हुए, जिसके बाद स्थानीय अधिकारियों ने मौके पर कार्रवाई करते हुए स्टॉल को आगामी आदेश तक के लिए बंद कर दिया।