
Fake fertilizer and pesticide sold complaint in katni
कटनी. एनकेजे थाना क्षेत्र अंतर्गत सुरखी गांव में नकली जैविक खाद व कीटनाशक बेचे जाने की शिकायत का मामला सामने आया है। लोगों की शिकायत पर पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जानकारी अनुसार किसान मोर्चा के कुछ लोगों ने डायल 100 को सूचना दी कि ग्राम सुरखी में दो युवक किसानों को गुमराह कर नकली जैविक खाद व कीटनाशक बेच रहे हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान सुरखी गांव से विजय सिंह निवासी रायबरेली यूपी को खाद के बैग सहित हिरासत में लिया, जबकि एक युवक पुलिस को आता देख फरार होना बताया जा रहा है। ये दोनों युवक ग्रो फास्ट ऑर्गनिक डायमंड प्राइवेट लिमिटेड लखनऊ कंपनी के जैविक खाद और कीटनाशक जिले में बेच रहे हैं। जानकारी के अनुसार कंपनी द्वारा 2499 में ग्रोजाइनजी 40 किलोग्राम का बैग, 2199 ग्रोजाइमिल 5 लीटर का, 2099 कीटनाशक दो से तीन एकड़ के लिए दिया जा रहा है। इसके अलावा यूके लिप्टस 70.99 का एक पौधा, सागौन का एक पौधा 129.9 रुपये और फलदार पौधे 170 रुपये का एक पौधा बेचा जा रहा है। यूपी और एमपी सहित अन्य जगह यह कारोबार चल रहा है।
शिकायत पर शुरू की जांच
किसान मोर्चा के संजय गुप्ता ने पुलिस को बताया कि जिले में इस कंपनी द्वारा खाद, कीटनाशक व पौधे बेचने की अनुमति नहीं है और ना ही कोई लाइसेंस है। इसके अलावा कंपनी के कर्मचारी 70 रुपये का थैला 615 रुपये में बेच रहे हैं। इस मामले में पुलिस ने खाद का एक थैला भी जब्त किया है। 5 थैले विजय सिंह निवासी जुहली के यहां रखे होना बताया गया है। युवकों द्वारा राजू पटेल सुरखी को भी खाद बेचा जाना बताया। बताया जा रहा है कि शास्त्री कॉलोनी में किसी जायसवाल के यहां पर मकान लेकर वहां से यह कारोबार संचालित कर रहे हैं।
इनका कहना है
शिकायत पर युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। खाद नकली है या असली इसकी जांच कराई जाएगी। लाइसेंस और अनुमति का भी पता लगाया जा रहा है।
रोहित डोंगरे, थाना प्रभारी एनकेजे।
Published on:
29 Jun 2019, 12:24 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.