5 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

हवाला कांड:मोहम्मद यासीन के खोले गए खातों की हुई पुष्टि, जिनमें हुआ था करोड़ों रुपए का लेनदेन

आठवें आरोपी की गिरफ्तारी से फिर सुर्खियों में 500 करोड़ रुपए से अधिक का हवाला कांड, पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस करेगी पूछताछ

2 min read
Google source verification
hawala scandal, arrest, accused, axis bank, mp police, katni news

hawala scandal, arrest, accused, axis bank, mp police, katni news

कटनी। वर्ष 2016 में 500 करोड़ रुपए से अधिक के बहुचर्चित हवाला कांड में छह साल बाद जबलपुर से गिरफ्तार तत्कालीन एक्सिस बैंक के अकाउंट अधिकारी मोहम्मद यासीन को कोतवाली पुलिस बुधवार को बैंक लेकर पहुंची। यहां पर आरोपी से पूछताछ की गई कि उसने किसके-किसके नाम से कब और कैसे बैंक खाते खोले हैं। शुरुआती दौर में मोहम्मद यासीन ने पुलिस को गुमराह करने की भी कोशिश की, जब सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने पूरी प्रक्रिया बताई। पूछताछ में आरोपी द्वारा रजनीश तिवारी के नाम से खाता खोले जाने की पुष्टि की गई, जिसके बाद अब उन खातों की भी जांच शुरू हो गई है। पुलिस अब बोगस खातों में हुए लेन-देन का पता लगाएगी। उन खातों से हुए लेन-देने के संबंध में पुलिस ने बैंक से जानकारी मांगी है। कोतवाली पुलिस द्वारा एक्सिस बैंक के मैनेजर से भी पूछताछ की है। जांच में पूरी तरह से सहयोग करने के लिए कहा गया।
बैंक से निकलते समय मोहम्मद यासीन कैमरा देखकर मुंह छिपाता रहा। बाहर निकलकर वह एकदम से पुलिस की कार में बैठने लगा। यहां पर भी कैमरा देखकर कहने लगा कि रहने दो भाई, मुझे तो परेशान किया जा रहा है और खीझता हुआ मुंह छिपाकर कार में बैठ गया। तीन दिनों तक लगातार पुलिस आरोपी से हवाला कांड के संबंध में पूछताछ करेगी। आरोपी के बताए अनुसार पूर्व में गिरफ्तार किए गए आरोपियों से भी पूछताछ करेगी। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी मोहम्मद यासीन से पूछताछ कर रही है। पुलिस मोहम्मद यासीन की इस भूमिका का भी पता लगाएगी कि आखिर किसके इशारे पर इसने बोगस खाते खोले हैं, जिनमें करोड़ों रुपए का लेनदेन हुआ है।

यह है हवाला कांड
जुलाई 2016 में भिखारी के बेटे ऑटो चालक रजनीश तिवारी को इन्कम टैक्स विभाग से कई करोड़ रुपए टैक्स बकाया होने का नोटिस गया था, जिससे उसकी नींद उड़ गई थी। जांच में पता चला था कि उसके दस्तावेजों का दुरुपयोग कर एक्सिस बैंक में श्री मिनरल्स व एसके मिनरल्स के नाम से खाता खोलकर करोड़ों रुपए का लेनदेन हुआ है, जिसका टैक्स बकाया है। कोतवाली थाने में शिकायत पर 12 जुलाई 2016 को पहली एफआइआर दर्ज हुई थी। एक्सिस बैंक में बोगस खाते खोलकर बिना फर्मों के भौतिक सत्यापन व केवायसी की जांच किये बगैर खाते खोलकर करोड़ों का फर्जी लेन देन हुआ था।

अभी तक ये हो चुके हैं गिरफ्तार
हवाला कांड में मोहम्मद यासीन से पहले 7 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। इसमें नरेश बर्मन निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी माधवनगर, नरेश पोद्दार निवासी गांधीगंज, दस्सू पटेल निवासी शास्त्री वार्ड कुठला, मनीष सरावगी घंटाघर, सतीश सरावगी घंटाघर, मानवेंद्र मिस्त्री बालाजी नगर, संदीप बर्मन शिवाजी नगर को गिरफ्तार किया जा चुका था। 2016 से एक्सिस बैंक मोहम्मद यासीन फरार था।

तत्कालीन एक्सिस बैंक कर्मी हवाला कांड के आरोपी मोहम्मद यासीन को रिमांड पर लेकर एक्सिस बैंक ले जाकर पूछताछ की गई है। बैंक में पहुंचकर यासीन ने बताया कि कौन-कौन से बोगस खाते खोले थे। उनकी पुष्टि कराई जा रही है। रजनीश तिवारी के नाम पर श्री मिनरल्स और एसके मिनरल्स के नाम से खाते खोले थे, जिनकी जांच की जा रही है।
अजय सिंह, कोतवाली टीआई