
डेढ़ माह से तेलंगाना में फंसे थे श्रमिक, कटनी पहुंचकर चेहरों में आई मुस्कान
कटनी. तेलंगाना राज्य में फंसे श्रमिकों व अन्य जनों को लेकर हैदराबाद से स्पेशल ट्रेन गुरुवार की सुबह कटनी पहुंची। जिसमें कटनी सहित आसपास के जिलों के लगभग एक हजार लोग आए। स्टेशन में सतर्कता व निर्धारित दूरी का पालन कराते हुए अधिकारियों ने उनको बसों के माध्यम से घरों तक पहुंचाया तो उनके लिए खाने व पानी की व्यवस्था की। स्टेशन परिसर में ही श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। स्पेशल ट्रेन से श्रमिकों के आने की सूचना पर एक दिन पहले से ही रेलवे व जिला प्रशासन ने तैयारी प्रारंभ कर दी थी। रात से ही परिवहन विभाग अमले ने श्रमिकों को भेजने 30 से अधिक बसें खड़ी करा दी थीं। सुबह से स्टेशन परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों को नगर निगम के अमले ने सेनेटाइज किया। वहीं एसडीएम बलवीर रमन, एएसपी संदीप मिश्रा, सीएसपी शशिकांत शुक्ला, तहसीलदार मुन्नवर खान, संदीप श्रीवास्तव, सीएमएचओ डॉ. एसके निगम अमले के साथ सुबह 5 बजे से ही स्टेशन में पहुंचे और अधीनस्थ अधिकारी, कर्मचारियों को पीपीइ किट के साथ तैनात कराया। बसों के रूट पहले से ही निर्धारित किए गए थे और उसमें बैठने वाले लोगों के हिसाब से भोजन के पैकेट व पानी की व्यवस्था कराई।
शहर में निकाली जागरुकता रैली तो कोरोना कर्मवीरों का इस तरह हुआ सम्मान...
एक घंटे देरी से पहुंची ट्रेन
स्पेशल ट्रेन को सुबह 5 बजे पहुंचना था लेकिन वह एक घंटे देरी से स्टेशन पहुंची। ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही सबसे पहले आरपीएफ व रेलवे के अधिकारी, कर्मचारियों ने कमान संभाली। यात्रियों को कोच से एक-एक कर निर्धारित दूरी का पालन कराते हुए प्लेटफार्म से बाहर निकाला गया। कटनी के अलावा दमोह, पन्ना, सतना, रीवा, शहडोल, उमरिया, जबलपुर, मंडला, डिंडोरी जिले के यात्री भी ट्रेन में थे। जिनकी स्केनिंग कराते हुए उन्हें निर्धारित रुट की बसों में बैठाकर रवाना किया गया। कटनी के श्रमिकों का परिसर में ही स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने स्वास्थ्य परीक्षण किया और उसके बाद उन्हें भी उनके घरों को भेजा गया। इस दौरान स्टेशन प्रबंधक संजय दुबे, जीआरपी प्रभारी डीपी चड़ार, कोतवाली प्रभारी विजय विश्वकर्मा, माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे सहित राजस्व, नगर निगम, जिला पंचायत, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी रहे मौजूद।
खास-खास-
- 997 श्रमिक पहुंचे स्पेशल ट्रेन से
- 79 श्रमिक कटनी जिले के रहे शामिल
- तीन घंटे में सभी लोगों को किया गया रवाना
- यात्रियों ने बताया, नहीं लेनी पड़ी टिकट, पंजीयन कराते ही ट्रेन की दी गई थी सूचना
- हैदराबाद में सभी यात्रियों का मेडीकल कराने के बाद भेजा गया
- श्रमिकों के रवाना होने के बाद स्टेशन परिसर, सभी वाहनों व स्टेशन तिराहा तक के क्षेत्र को नगर निगम ने कराया सेनेटाइज
- भिंड, झांसी के भी कुछ मजदूर आ गए थे ट्रेन से, उनको भी भेजने का किया गया प्रबंध
Published on:
7 May 2020, 10:21 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.