24 जनवरी 2026,

शनिवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कटनी

कटनी में गजरथ महोत्सव का आगाज, देखें वीडियो

Gajrath Mahotsav: धर्म नगरी कटनी में आज 9 फरवरी को श्री 1008 मज्जिनेंद्र जिनबिम्ब पंच कल्याणक एवं गजरथ महोत्सव महायज्ञ अनुष्ठान का भव्य शुभारंभ हुआ। इस ऐतिहासिक आयोजन के प्रति जैन धर्मावलंबियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

Google source verification

कटनी

image

Akash Dewani

Feb 09, 2025

Gajrath Mahotsav: धर्म नगरी कटनी में आज 9 फरवरी को श्री 1008 मज्जिनेंद्र जिनबिम्ब पंच कल्याणक एवं गजरथ महोत्सव महायज्ञ अनुष्ठान का भव्य शुभारंभ हुआ। इस ऐतिहासिक आयोजन के प्रति जैन धर्मावलंबियों में खासा उत्साह देखने को मिला। यह आयोजन कटनी में दूसरी बार आयोजित किया जा रहा है, जिसकी तैयारियां पिछले एक महीने से जोरों पर थीं।

महोत्सव में कटनी के साथ-साथ आसपास के जिलों, मध्यप्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों और देशभर से हजारों श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। पंच कल्याणक एवं गजरथ महोत्सव के आयोजन से कैलवारा की धरा पूरी तरह पावन और धर्ममय हो गई है।

मुनि पुंगव श्री 108 सुधासागर जी महाराज के सानिध्य में निकली विशाल घटयात्रा
आयोजन के पहले दिन आज सुबह श्री मज्जिनेंद्र जिनबिम्ब प्रतिष्ठा महोत्सव एवं गजरथ महोत्सव की भव्य घटयात्रा निकाली गई। यह यात्रा महावीर कीर्ति स्तंभ से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए झुरही कैलवारा स्थित चेतनोदय तीर्थस्थल पर धर्मसभा के रूप में परिवर्तित हुई।

विशाल घटयात्रा में मुनि पुंगव श्री 108 सुधासागर जी महाराज के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। यात्रा मार्ग में जैन समाज के लोगों ने रंगोली सजाकर, पाद प्रक्षालन कर मुनि संघ की अगवानी की।

भक्ति के रंग में रंगी घटयात्रा
घटयात्रा में सबसे आगे अश्वारोही बैनर और धर्मध्वज लेकर चल रहे थे। उनके पीछे डीजे की करतल धुन पर भक्तिगीतों के साथ महेन्द्र, इंद्र, ईशान इंद्र, सतन इंद्र, श्रेयांश, राजा सोम और अष्ट कुमारी लोकान्तिक देव नृत्य करते हुए चल रहे थे। महिलाओं की धमाल पार्टी भी आकर्षण का केंद्र रही।

धर्मानुरागी श्रद्धालुओं के साथ सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी भी रही। सौधर्म इंद्र, माता-पिता भजन मंडली और दिव्य घोष जयपुर मुनि संघ भगवान का रथ लिए चल रहे थे। राजा बाहुबल, राजा भरत और धनपति कुबेर जैसे पात्रों ने बघ्घी में सवार होकर यात्रा में चार चांद लगाए। इनके पीछे 800 इंद्र-इंद्राणियां मंगल कलश लेकर चल रही थीं।

मंगल ध्वजारोहण के साथ गजरथ महोत्सव का शुभारंभ

घटयात्रा के चेतनोदय तीर्थ स्थल पहुंचने के उपरांत उत्तम चंद्र जैन, अनुराग जैन और अनुज जैन परिवार द्वारा मंगल ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद मंडल शुद्धि, मंडप प्रतिष्ठा और श्री जी का अभिषेक संपन्न हुआ।

मुनि पुंगव 108 सुधासागर जी महाराज के प्रवचनों से गुंजायमान हुआ वातावरण
कार्यक्रम के अगले चरण में मुनि पुंगव श्री 108 सुधासागर जी महाराज के मांगलिक प्रवचन आयोजित किए गए, जिनमें धर्म के महत्व और जीवन में उसकी आवश्यकता पर प्रकाश डाला गया। दोपहर में मंगल कलश स्थापना और योग मंडल विधान संपन्न हुआ। शाम को आचार्य भक्ति एवं शंका समाधान सत्र में श्रद्धालुओं ने धर्म संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

आयोजन स्थल पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
कार्यक्रम स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। इस विराट आयोजन को सफल बनाने में विद्यासागर नवयुवक मंडल का विशेष सहयोग रहा। श्रद्धालुओं एवं इंद्र-इंद्राणियों के लिए तीन भोजनालयों की व्यवस्था की गई है। साथ ही, कार्यक्रम आयोजन के लिए 100 बाई 300 फीट का विशाल पंडाल भी तैयार किया गया है।

प्रशासन और जैन समाज की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं
आयोजन को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए पुलिस, जिला प्रशासन, नगर निगम और विद्युत विभाग ने आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं। वहीं, जैन समाज द्वारा श्रद्धालुओं के ठहरने और अन्य आवश्यक सुविधाओं का प्रबंध भी किया गया है।

9 से 14 फरवरी तक चलेगा महोत्सव
यह धार्मिक आयोजन 9 फरवरी से 14 फरवरी तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, प्रवचन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्रद्धालुओं में इस महोत्सव को लेकर गहरा उत्साह और आस्था का माहौल है।