कटनी. लोकनिर्माण कार्यालय का संचालन अधिकारी नहीं बल्कि कार्यालय का लिपिक कर रहा है। कार्यपालन यंत्री द्वारा खराब सडक़ों की जानकारी भी वरिष्ठ अधिकारियों को गलत भेजी जा रही है। ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई में भी उदासीनता एवं लापरवाही की जा रही है। कुछ इस आशय का नोटिस लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता जबलपुर परिक्षेत्र इजी. एससी वर्मा ने कार्यपालन यंत्री शारदा सिंह को जारी किया है। नोटिस में कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जवाब-तलब किया गया है।
जानकारी के अनुसार मुख्य अभियंता द्वारा कार्यपालन यंत्री को जारी नोटिस में कहा गया है कि सलैया, सिहुड़ी, बरतरी, पाकर, मसंध, कूड़ा, इमलिया लंबाई 23.15 किमी. मार्ग परफार्मेंस गांरटी अंतर्गत आता है। मार्ग की वस्तुस्थिति जानने के लिए 26 सितंबर 2024 को निरीक्षण किया गया। कई भागों में गड्ढे पाए गए एवं सील कोट क्षतिग्रस्त होना पाया गया। कई जगहों पर बीसी के ऊपरी सतह पर भी क्षरण हो रहा है। इस बावत परफार्मेंस गारंटी में मार्ग होने के बावजूद मार्ग की मरम्मत हेतु आपके द्वारा संबंधित निविदाकार के विरुद्ध कोई भी कार्रवाई नहीं की गई है।